Setback for the BJP in Rajasthan: राजस्थान में भाजपा को करारा झटका
भाजपा शासित राजस्थान में हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने आशातीत सफलता पाई थी। तब लगा था कि राजस्थान में डबल इंजन सरकार तेज गति से दौड़ रही है और अब नगरीय निकायों में भाजपा ने जीत का परचम फहराने के साथ ही ट्रिपल इंजन सरकार दौड़ाने की तैयारी कर ली है। किन्तु थोड़े ही अंतराल बाद हुए पंचायत समिति चुनाव में तस्वीर बदल गई। कांग्रेस ने प्रचंड जीत दर्ज कर भाजपा को करारा झटका दे दिया। यहां तक की राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल के गृह जिले में भी भाजपा को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और केन्द्रीय मंत्री हर्षवर्धन सिंह राठौड़ सहित कई भाजपा के दिग्गज नेताओं के क्षेत्र में भी भाजपा को पराजय का कड़वा स्वाद चखना पड़ा। कांग्रेस की इस शानदार जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे लोकतंत्र की जीत निरुपित करते हुए कहा है कि राजस्थान की ग्रामीण जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से राजस्थान की सरकार के प्रति अपना अविश्वास जताया है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार के कुशासन से पूरे राजस्थान के लोगों में गहरी नाराजगी है और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
अशोक गहलोत के बयान को भले ही भाजपा राजनीति प्रेरित करार दे लेकिन उसे इस बात पर मंथन करना चाहिए कि नगरीय निकाय चुनाव में भारी सफलता के बाद उसे इतनी जल्दी पंचायत चुनाव में करारी शिकस्त क्यों उठानी पड़ी। राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने नैतिकता के नाते इस हार की जिम्मेदारी ली है और कहा है कि पंचायत समिति के चुनाव में हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी। लगता है राजस्थान भाजपा के नेता मुगालते में रह गए थे।
नगरीय निकाय चुनाव में भारी सफलता मिलने से वे कूदकर इस नतीजे पर पहुंच गए थे कि पंचायत चुनाव में भी उनकी प्रचंड जीत सुनिश्चित है। राजस्थान की जनता ने उनका यह मुगालता दूर कर दिया साथ ही यह संदेश भी दे दिया कि भाजपा सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम के सहारे ही हर चुनावी वैतरणी पार नहीं कर सकती है। इधर कांग्रेस इस जीत पर खुशी जरूर मना रही है लेकिन अब वह भाजपा पर चुनाव में गड़बड़ी करने और वोट चोरी का आरोप उतनी दमदारी से नहीं लगा पाएगी।
पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस की सफलता से उनके हथियार की धार कुंद जो हो गई है। वैसे ये चुनावी नतीजे कांग्रेस के लिए संजीवनी का भी काम करेंगे। खासतौर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा सीटों की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी पर दबाव बढ़ाने की कोशिश कर सकती है। रही बात भाजपा की तो उसे भी इस हार की समीक्षा के साथ ही आत्मचिंतन करना होगा। अन्यथा आगे भी ऐसे ही चुनावी नतीजों का सामना करना पड़ेगा।



