Road Accident : ओवरटेक की जल्दबाजी ने उजाड़ दिया परिवार, पिता और बेटे की दर्दनाक मौत
सुबह का सामान्य दिन देखते ही देखते मातम में बदल (Road Accident) गया। पेंड्रा के मुख्य मार्ग पर लोगों की भीड़ अचानक एक जगह जुटने लगी। सड़क पर टूटी स्कूटी, चीख पुकार और बदहवास लोगों को देखकर हर कोई हादसे की भयावहता का अंदाजा लगा रहा था। मौके पर मौजूद लोगों की आंखों के सामने एक परिवार पल भर में उजड़ गया।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। किसी ने पुलिस को सूचना दी तो किसी ने घायलों को संभालने की कोशिश की। लेकिन हादसा इतना भीषण था कि पिता और बेटे की जान मौके पर ही चली गई, जबकि परिवार की महिला गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गई।
तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर Road Accident
जानकारी के अनुसार, गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के पेंड्रा नगर में राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को टक्कर मार दी। बताया गया कि परिवार कुड़कई गांव से स्कूटी पर सवार होकर पेंड्रा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान सामने से एक बड़ा वाहन आ रहा था। तभी ट्रेलर चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की। तेज रफ्तार के कारण ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
पिता और बेटे की मौके पर मौत
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 को जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कुड़कई निवासी 35 वर्षीय तेरस भरिया और उनके 14 वर्षीय पुत्र राजू भरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों ने भाग रहे चालक को पकड़ लिया
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से भागने (Road Accident) लगा। हालांकि सतर्क ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर ट्रेलर को रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
कुछ देर बाधित रहा यातायात Road Accident
दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और सड़क पर आवागमन सामान्य कराया। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों की तेज रफ्तार, लापरवाही से ओवरटेक और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



