Mahasamund Road Accident: एनएच-53 पर फिर बिछीं लाशें, कार में पीछे से घुसी बाइक, दो युवकों की मौत

- खाना खाने के बाद घूमने निकले थे बरतुंगा के भूपेंद्र और राकेश
- सूखा नाला के पास हुआ दर्दनाक हादसा
- जिले में 10 माह में 246 लोगों की गई जान, नवंबर में भी 12 से 15 मौतें
महासमुंद/नवप्रदेश। जिले की सड़कों पर रफ्तार और लापरवाही का खूनी खेल (Mahasamund Road Accident) थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर हादसे के साथ किसी परिवार का चिराग बुझ रहा है, किसी मां की गोद सूनी हो रही है तो किसी घर का सहारा हमेशा के लिए छिन रहा है। सड़क सुरक्षा के तमाम दावों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-53 एक बार फिर दो युवाओं की जिंदगी निगल गया। पिथौरा थाना क्षेत्र के सूखा नाला के पास बीती रात तेज रफ्तार पल्सर बाइक सामने चल रही कार में पीछे से जा घुसी। हादसे में बाइक सवार ग्राम बरतुंगा निवासी भूपेंद्र ध्रुव (22) और राकेश ध्रुव (23) की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रात में खाना खाने के बाद घूमने के लिए पल्सर बाइक से निकले थे। (Mahasamund Road Accident) इसी दौरान सूखा नाला के पास उनकी बाइक कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। पिथौरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
दस महीने में 246 मौतें, हर महीने औसतन 24 जिंदगियां खत्म
जिले (Mahasamund Road Accident) में सड़क दुर्घटनाओं का बढ़ता ग्राफ अब गंभीर चिंता का विषय बन गया है। जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जिले में 433 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिनमें 246 लोगों की मौत हुई, जबकि 285 लोग घायल हुए। आंकड़ों के मुताबिक, इन दस महीनों में हर महीने औसतन 24 से अधिक लोगों की जान सड़क हादसों में गई है।
माहवार मौतों पर नजर डालें तो जनवरी में 30, फरवरी में 31, मार्च में 25, अप्रैल में 15, मई में 31, जून में 29, जुलाई में 18, अगस्त में 16, सितंबर में 28 और अक्टूबर में 23 लोगों की मौत हुई। नवंबर में भी अब तक 12 से 15 लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में जाने की जानकारी सामने आई है। ये आंकड़े बता रहे हैं कि जिले की सड़कों पर सफर लगातार जानलेवा होता जा रहा है।
तीन साल में 926 लोगों की मौत, हादसों का सिलसिला बरकरार
पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में 482 सड़क हादसों में 301 लोगों की मौत और 398 लोग घायल हुए थे। वर्ष 2024 में 472 दुर्घटनाओं में 287 लोगों की जान गई और 307 घायल हुए। वहीं, वर्ष 2025 में हादसों की संख्या बढ़कर 525 पहुंच गई, जिनमें 338 लोगों की मौत और 424 लोग घायल हुए।
वर्ष 2026 के शुरुआती दस महीनों में ही 433 दुर्घटनाओं में 246 लोगों की मौत हो चुकी है। आंकड़ों का यह लगातार बना हुआ दबाव सड़क सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना, वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी नहीं रखना, रात में लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों की प्रमुख वजह बन रही हैं। सवाल यह है कि आखिर कितनी जिंदगियां खत्म होने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे?
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, सगे भाई गंभीर घायल; एक रायपुर रेफर
बसना-पदमपुर मुख्य मार्ग पर पलसापाली बैरियर के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो सगे भाई घायल हो गए। हादसे में अक्षय सिदार को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं, दूसरी बाइक का चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे अक्षय सिदार अपने भाई मोहन सिदार के साथ बाइक क्रमांक सीजी 13 आर 4117 से रात्रि ड्यूटी के लिए चिमरकेल मंडी जा रहे थे। इसी दौरान पलसापाली बैरियर के पास सामने से आ रही बाइक क्रमांक सीजी 06 जीआर 2252 के चालक छोटू साव ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
भिड़ंत में दोनों भाई सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 संजीवनी एक्सप्रेस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया। चिकित्सकीय जांच में अक्षय सिदार के दाहिने पैर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें पाई गईं। हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।



