छत्तीसगढ़

Jail Department Promotion : 10 साल बाद खुला प्रमोशन का रास्ता, जेल विभाग के 40 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश जेल विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को अब गति मिल गई है। करीब 10 साल बाद विभाग के 40 अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है। शासन के पदोन्नति संबंधी निर्णय के अनुपालन में सहायक जेल अधीक्षकों को उप जेल अधीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है।

लंबे इंतजार के बाद मिली पदोन्नति

जेल मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार सहायक जेल अधीक्षक के पद पर कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदोन्नत अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

करीब एक दशक बाद मिली इस पदोन्नति से अधिकारियों में उत्साह का माहौल है। विभाग का मानना है कि इससे जेल प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

समारोह में अधिकारियों को दी गई नई रैंक

जेल मुख्यालय में आयोजित समारोह में महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर ने पदोन्नत अधिकारियों को नई रैंक प्रदान की। समारोह के दौरान डॉ. वरुण कपूर ने ज्योति तिवारी, हरीश आर्य, दिलीप नायक और राकेश कुमार मिहोरिया की वर्दी पर अशोक चिन्ह लगाकर उन्हें उप जेल अधीक्षक की नई रैंक प्रदान की।

नई जिम्मेदारी के साथ बढ़ेगी जवाबदेही

महानिदेशक जेल डॉ. वरुण कपूर ने पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद में बदलाव नहीं बल्कि नई जिम्मेदारियों और चुनौतियों की शुरुआत है।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ करेंगे। साथ ही जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और परिणाम आधारित बनाने में योगदान देंगे।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विशेष महानिदेशक जी. अखेतो सेमा, अतिरिक्त महानिरीक्षक संजय पांडे, उपमहानिरीक्षक मंशाराम पटेल, केंद्रीय जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे सहित जेल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button