Jharkhand Vision 2050 : दिल्ली में सजेगा निवेश महाकुंभ, AI-IT से पर्यटन तक नई नीतियों पर लगेगी मुहर
झारखंड सरकार 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में दो दिवसीय ‘नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन’ आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम में आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), उद्योग, निवेश और पर्यटन से जुड़ी नई नीतियों के प्रारूप (Jharkhand Vision 2050) जारी किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य ‘झारखंड विजन 2050’ के तहत राज्य को निवेश, डिजिटल गवर्नेंस और रोजगार का नया केंद्र बनाना है। कार्यक्रम में देश-विदेश के निवेशक, उद्योगपति, नीति विशेषज्ञ और तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
दो दिवसीय आयोजन में उद्योग जगत और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सुझाव लेकर झारखंड एआई पॉलिसी, झारखंड निवेश प्रोत्साहन नीति, झारखंड पर्यटन नीति और झारखंड टेक्सटाइल पॉलिसी सहित कई नई नीतियों को अंतिम रूप देने की दिशा में चर्चा होगी। सरकार का मानना है कि इन नीतियों से राज्य में निवेश आकर्षित होगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
आईटी, एआई और डिजिटल गवर्नेंस पर रहेगा फोकस Jharkhand Vision 2050
कार्यक्रम के पहले दिन ‘डिजिटल गवर्नेंस और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर’ विषय पर विस्तृत मंथन होगा। इसमें आईटी पार्क, एआई, डिजिटल गवर्नेंस और तकनीकी निवेश को बढ़ावा देने के लिए उद्योग जगत और सरकार के बीच चर्चा होगी।
इसके बाद आईटी और एआई क्षेत्र की कंपनियों के साथ सरकार की सीधी बैठक होगी। ‘झारखंड में एआई का भविष्य’ विषय पर विशेष सत्र में राज्य की एआई नीति के मसौदे पर चर्चा होगी। इस दौरान आईटी विभाग और कई कंपनियों के बीच एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।
निवेश और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम के दूसरे दिन निवेश और समावेशी विकास पर चर्चा होगी। सरकार निवेशकों के सामने झारखंड की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन संभावनाओं को प्रस्तुत करेगी।
इसके बाद औद्योगिक प्रोत्साहन और निवेश पर विशेष स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन आयोजित होगा, जिसमें नए उद्योगों की स्थापना और निवेश बढ़ाने पर मंथन (Jharkhand Vision 2050) किया जाएगा। इसी दौरान कई बड़े औद्योगिक समूहों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
नई नीतियां और डिजिटल पोर्टल होंगे लॉन्च
आयोजन के दौरान राज्य सरकार उद्योग, आईटी और पर्यटन से जुड़ी कई नई नीतियों के ड्राफ्ट जारी करेगी। साथ ही नए डिजिटल पोर्टल का भी शुभारंभ किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे निवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आसान बनेगी।
कार्यक्रम का समापन झारखंड की संस्कृति, लोकनृत्य और लोकसंगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ होगा, जिसमें देश-विदेश के उद्योग जगत और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।



