Bus Accident: टायर फटते ही पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बस, 12 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर

- सासाराम से अम्बिकापुर आ रही थी यात्री बस, शिवपुर मोड़ के पास हुआ हादसा
- गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल किया गया रेफर
नीलांचल गौड़
अम्बिकापुर/नवप्रदेश। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर-शिवपुर मार्ग पर रविवार देर रात एक यात्री बस (Bus Accident) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के सासाराम से यात्रियों को लेकर शमीम बस क्रमांक सीजी 15 ईए 3408 अंबिकापुर के लिए रवाना हुई थी। रविवार देर रात बस सेमरसोत होते हुए प्रतापपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान शिवपुर मोड़ के पास अचानक बस का टायर फट गया। तेज रफ्तार में चल रही बस का संतुलन बिगड़ गया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
पेड़ से बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर से पेड़ की छाल भी उखड़ गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
चार यात्रियों की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को डायल 112 और एंबुलेंस के माध्यम से प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। चार यात्रियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार प्रतापपुर में जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर यात्रियों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस का टायर फटना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।



