Independence Day 2026 : 15 अगस्त के लिए सरकार का एक्शन प्लान तैयार, पूरे छत्तीसगढ़ में होंगे विशेष आयोजन
स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने तैयारियां तेज (Independence Day 2026) कर दी हैं। राज्यभर में राष्ट्रीय पर्व को एकरूपता और गरिमा के साथ मनाने के लिए सभी जिलों को विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। इस बार का आयोजन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के कारण और भी विशेष माना जा रहा है।
सरकार ने जिला प्रशासन और सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि समारोहों का आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार किया जाए। राजधानी रायपुर में होने वाला राज्य स्तरीय समारोह इस बार भी मुख्य आकर्षण रहेगा।
रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण Independence Day 2026
15 अगस्त की सुबह 9 बजे रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस का संदेश देंगे। परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना, एनसीसी और बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।
वंदे मातरम् का होगा सामूहिक गायन
राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सभी सरकारी कार्यक्रमों में इसका सामूहिक गायन कराया जाएगा। सरकार ने इसे इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रमुख हिस्सा बनाया है।
जिले से लेकर गांव तक होंगे कार्यक्रम
जिला मुख्यालयों में नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ेंगे। वहीं नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। स्कूलों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति गीत, भाषण, प्रभात फेरी और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शहीद परिवारों को मिलेगा सम्मान Independence Day 2026
राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को जिला स्तरीय समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए। इसके अलावा 15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापनों में भी स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों और प्रदेश के शहीदों को प्रमुखता दी जाएगी।
रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी भवन
स्वतंत्रता दिवस की शाम सभी सरकारी कार्यालयों, प्रमुख भवनों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर विशेष रोशनी की जाएगी। सरकार ने निजी संस्थानों और आम नागरिकों से भी अपने प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने और रोशनी करने की अपील की है।
लाउडस्पीकर और कार्यक्रमों के लिए निर्देश
सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, वृक्षारोपण, खेलकूद और साहित्यिक गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश (Independence Day 2026) दिए गए हैं। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेना जरूरी होगा और केवल देशभक्ति गीतों के प्रसारण की अनुमति रहेगी।



