Anicut-cum-Causeway : सुरही नदी पर बनेगा एनीकट कम काजवे, निर्माण के लिए 10.13 करोड़ रुपये मंजूर
छत्तीसगढ़ सरकार ने जल संसाधन विभाग के माध्यम से खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के विकासखंड छुईखदान स्थित सुरही नदी पर एनीकट कम काजवे (Anicut-cum-Causeway) निर्माण को मंजूरी दे दी है। राज्य शासन ने इस परियोजना के लिए 10 करोड़ 13 लाख 77 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। योजना पूरी होने से क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल, भू-जल संवर्धन और आवागमन की सुविधाएं मजबूत होंगी।
10.13 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
जल संसाधन विभाग के अनुसार सुरही नदी पर एनीकट कम काजवे का निर्माण 10 करोड़ 13 लाख 77 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। परियोजना के निर्माण से बरसात के दौरान जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में पानी की उपलब्धता बढ़ेगी।
भू-जल संवर्धन के साथ किसानों को मिलेगा लाभ
इस सिंचाई परियोजना (Irrigation Project) के पूरा होने से भू-जल स्तर में सुधार होगा। साथ ही स्थानीय किसानों को स्वयं के साधनों से करीब 15.50 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
पेयजल, निस्तारी और आवागमन की सुविधा होगी बेहतर
परियोजना से सुरही नदी (Surhi River) के आसपास के गांवों में निस्तारी और पेयजल की सुविधा मजबूत होगी। एनीकट कम काजवे बनने से ग्रामीणों के लिए वर्षभर आवागमन भी आसान होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।



