छत्तीसगढ़

रेलवे में स्नातकों के लिए 3548 पदों पर भर्ती, 6 नवंबर तक करें आवेदन

रायपुर। भारतीय रेलवे ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों के तहत स्नातक स्तर के 3548 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। रेलवे भर्ती बोर्ड की केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना क्रमांक 06/2026 के तहत होने वाली इस भर्ती से स्नातक युवाओं को रेलवे में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 6 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती में चार श्रेणियों के पद शामिल हैं। इनमें मालगाड़ी प्रबंधक के सबसे अधिक 2750 पद हैं। इसके अलावा वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट के 371, कनिष्ठ लेखा सह टाइपिस्ट के 300 और मुख्य वाणिज्य सह टिकट पर्यवेक्षक के 127 पदों पर भर्ती की जाएगी।

पद के अनुसार प्रारंभिक वेतन

सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार, मुख्य वाणिज्य सह टिकट पर्यवेक्षक पद के लिए प्रारंभिक मूल वेतन 35,400 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। वहीं, मालगाड़ी प्रबंधक, वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट और कनिष्ठ लेखा सह टाइपिस्ट पदों के लिए प्रारंभिक मूल वेतन 29,200 रुपये प्रतिमाह है। इसके अतिरिक्त नियमानुसार देय भत्ते भी मिलेंगे।

18 से 33 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

भर्ती के लिए अभ्यर्थी के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री या समकक्ष योग्यता होना आवश्यक है। एक जनवरी 2027 की स्थिति में आयु सीमा 18 से 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों और अन्य पात्र श्रेणियों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी।

दो चरणों में होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा

चयन प्रक्रिया में प्रथम चरण और द्वितीय चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं शामिल हैं। इसके बाद पद के अनुसार दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा। कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट तथा वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट पदों के लिए अधिसूचना में कंप्यूटर आधारित टाइपिंग कौशल परीक्षा से छूट का प्रावधान भी दिया गया है। पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण, आयु में छूट तथा लेखक सहायता और अतिरिक्त समय जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

आवेदन और महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 6 नवंबर 2026

परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 8 नवंबर 2026

आवेदन में संशोधन की अवधि: 9 से 18 नवंबर 2026

इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, पदों का वर्गवार विवरण और पात्रता शर्तें रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://rrb.indianrailways.gov.in पर देख सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए https://www.rrbapply.gov.in पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आधिकारिक अधिसूचना ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button