छत्तीसगढ़

राज्योत्सव पर छत्तीसगढ़ को वन्यजीव पर्यटन की दोहरी सौगात, इंद्रावती में पहली बार जंगल सफारी शुरू

रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेश को वन्यजीव पर्यटन के क्षेत्र में दो बड़ी सौगात मिली हैं। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में पहली बार जंगल सफारी का शुभारंभ किया। इसके साथ ही अचानकमार टाइगर रिजर्व में केंवची गेट से बफर सफारी की शुरुआत भी हुई। दोनों स्थानों पर पर्यटकों के लिए सफारी की बुकिंग शुरू कर दी गई है।

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में सफारी शुरू होने से बस्तर के जंगलों को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने का रास्ता खुलेगा। लंबे समय तक सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में अब पर्यटक जंगल और वन्यजीवों को करीब से देख सकेंगे। यहां बाघ, राजकीय वन भैंसा, गिद्ध सहित अनेक वन्यजीवों की मौजूदगी इस सफारी को खास बनाती है।

चार जिप्सियों से होगी सफारी, उलूर गांव से शुरुआत

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में फिलहाल सफारी के लिए चार जिप्सी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। पर्यटकों को सफारी के दौरान प्रशिक्षित टूर गाइड के साथ चाय-नाश्ते की सुविधा भी मिलेगी। सफारी का प्रवेश द्वार बीजापुर जिले के उलूर गांव में बनाया गया है। यह बेस कैंप जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर है। पर्यटक बीजापुर से भोपालपटनम होते हुए उलूर पहुंच सकेंगे।

सफारी के संचालन और पर्यटकों के आतिथ्य की जिम्मेदारी स्थानीय ग्रामीणों को दी गई है। इसके लिए युवाओं को कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षित युवा नेचर गाइड और वाहन चालक के रूप में काम करेंगे।

स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

इंद्रावती में ईको-टूरिज्म गतिविधियों से स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। युवाओं को गाइड और सफारी चालक के रूप में काम मिलेगा, जबकि ग्रामीण परिवार होम-स्टे के माध्यम से पर्यटकों की मेजबानी कर सकेंगे। स्थानीय महिलाओं के पारंपरिक व्यंजनों और बस्तर के हस्तशिल्प को भी पर्यटकों के बीच पहचान और बाजार मिलने की उम्मीद है।

अचानकमार में केंवची गेट से 50 किलोमीटर की सफारी

मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व में भी राज्योत्सव के अवसर पर केंवची गेट से बफर सफारी शुरू की गई है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही से अमरकंटक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर स्थित यह गेट पहली बार पर्यटकों के लिए खोला गया है। इससे पहले शिवतराई गेट से सफारी संचालित होती रही है। मानसून के कारण बंद पर्यटन और ईको-टूरिज्म गतिविधियां भी अब फिर शुरू होंगी।

केंवची गेट से शुरू होने वाला सफारी मार्ग लगभग 50 किलोमीटर लंबा है। इसमें भैरोसांगफाटर, सेमर वॉच टॉवर, कचांदी तिराहा, कचांदी रोड, जलांगो तिराहा, दरियाबूट पेट्रोलिंग कैंप और आमाडोब बैरियर शामिल हैं। सफारी के लिए एक जिप्सी 3,500 रुपये प्रति चक्कर और तीन महारानी वाहन 5,000 रुपये प्रति चक्कर की दर से उपलब्ध रहेंगे।

बाघ, तेंदुआ और भालू सहित कई वन्यजीवों के होंगे दीदार

अचानकमार में पर्यटकों को बाघ, तेंदुआ, भालू, गौर, चीतल, सांभर, कोटरी, सोनकुत्ता और जंगली सूअर जैसे वन्यजीव देखने का अवसर मिलेगा। मोर और मनियारी नदी में पाए जाने वाले ऊदबिलाव भी यहां के आकर्षण हैं। सिहावल सागर, माझी डोंगरी वॉच टावर और जल्दा ग्रासलैंड भी सफारी के प्रमुख पड़ाव होंगे। माझी डोंगरी वॉच टावर से अचानकमार के जंगलों का मनोरम दृश्य देखा जा सकता है, जबकि जल्दा ग्रासलैंड में गौर आसानी से नजर आते हैं।

अमरकंटक-अचानकमार-रतनपुर पर्यटन सर्किट को मिलेगा बढ़ावा

914.017 वर्ग किलोमीटर में फैले अचानकमार टाइगर रिजर्व में 626.195 वर्ग किलोमीटर कोर और 287.822 वर्ग किलोमीटर बफर क्षेत्र है। केंवची गेट खुलने से अमरकंटक-अचानकमार-रतनपुर पर्यटन सर्किट को विकसित करने में मदद मिलेगी। पर्यटकों के ठहरने के लिए केंवची गेट के पास पर्यटन विभाग का सोनभद्र रिसॉर्ट और निजी रिसॉर्ट भी उपलब्ध हैं।

सफारी शुरू होने से स्थानीय स्तर पर होटल, रिसॉर्ट, होम-स्टे, रेस्टोरेंट, स्मृति चिह्नों की दुकानों और प्रशिक्षित गाइडों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। राज्योत्सव पर शुरू हुई ये दोनों पहल वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटन और स्थानीय आजीविका को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button