छत्तीसगढ़

नाखूनों में मिले डीएनए से खुला दो साल पुरानी हत्या का राज

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में करीब दो वर्ष पहले हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय मृतिका के नाखूनों से मिले जैविक साक्ष्य और सुरक्षित डीएनए प्रोफाइल इस मामले की जांच में अहम कड़ी साबित हुए। वर्ष 2026 में संदिग्धों के डीएनए नमूनों का पुराने साक्ष्य से वैज्ञानिक मिलान कराया गया, जिसमें तीनों के डीएनए का मिलान होना सामने आया।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2024 को ट्रांसपोर्ट नगर निवासी लता साहू की हत्या हुई थी। घटना के समय आरोपी अज्ञात थे। जांच के दौरान मृतिका के हाथों के नाखूनों में अज्ञात व्यक्ति के जैविक साक्ष्य मिले थे। पुलिस ने इन्हें सुरक्षित कराकर डीएनए प्रोफाइल तैयार कराई थी।

करीब दो साल बाद मामले की विवेचना के दौरान संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर उनके डीएनए नमूने लिए गए। पूर्व में सुरक्षित डीएनए प्रोफाइल से वैज्ञानिक मिलान कराने पर तीनों आरोपियों का डीएनए मृतिका के नाखूनों से मिले जैविक साक्ष्यों से मेल खाना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने तीनों से पूछताछ की और मामले की कड़ियां जोड़ते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

शराब को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार 21 अगस्त 2024 को तीनों आरोपी लता साहू के घर पर शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब मांगने को लेकर विवाद और झूमाझटकी शुरू हो गई। इसी दौरान राजू मंडल ने लता साहू का गला दबाया। मनहरण सारंग ने उसके दोनों हाथ और राजेश पाल उर्फ चोटी ने दोनों पैर पकड़ रखे थे।

संघर्ष के दौरान लता साहू ने बचने के लिए आरोपियों को नोचने का प्रयास किया। इसी दौरान उसके नाखूनों में आरोपियों के जैविक साक्ष्य आने की बात पुलिस जांच में सामने आई। कुछ देर बाद उसकी छटपटाहट बंद हो गई।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद तीनों आरोपी घर में रखी नकदी, साड़ी और बाजारू पायल लेकर पीछे की दीवार से फरार हो गए। नकदी आपस में बांटने तथा साड़ी और पायल मनहरण सारंग द्वारा अपने पास रखने की जानकारी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर घटना से संबंधित वस्तुओं और अन्य साक्ष्यों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में मनहरण सारंग, पिता ईंतवारी सारंग, उम्र 33 वर्ष, निवासी प्रेमनगर, पंचू किराना स्टोर के पास रावांभाठा; राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू, पिता गोविन्द्र पाल, उम्र 31 वर्ष, निवासी हीरालाल वार्ड, नवागांव, जिला मुंगेली; और राजू मंडल उर्फ बंगाली, पिता विजय मंडल, उम्र 35 वर्ष, हाल निवासी रावणभाठा, थाना खमतराई, रायपुर, स्थायी निवासी कैम्प-1, अर्जुन नगर, दशहरा मैदान के पास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है।

मृतिका लता साहू, पति स्वर्गीय हेमचंद साहू, उम्र 40 वर्ष, ट्रांसपोर्ट नगर, 6 नंबर पार्किंग के पास, खमतराई की निवासी थी।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, राजू मंडल उर्फ बंगाली के खिलाफ पूर्व में चोरी के दो और हत्या का एक मामला दर्ज है। वर्तमान हत्या का मामला उसके खिलाफ चौथा अपराध बताया गया है। वहीं मनहरण सारंग के खिलाफ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और अवैध वसूली का मामला पूर्व में दर्ज होना पुलिस रिकॉर्ड में सामने आया है।

इस मामले की जांच में थाना प्रभारी खमतराई निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम के साथ एसीसीयू टीम ने सहयोग किया। एसीसीयू के सहायक उप निरीक्षक नवरंग कश्यप की भी जांच में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय सुरक्षित किए गए जैविक साक्ष्य को लंबे समय तक संरक्षित रखना और बाद में संदिग्धों के डीएनए नमूनों से उसका वैज्ञानिक मिलान कराना इस पुराने मामले की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी बना।

Related Articles

Back to top button