छत्तीसगढ़ के अभनपुर में रविवार को राजनीतिक हलचल उस समय और बढ़ (Congress Training Camp) गई जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। कार्यक्रम स्थल के बाहर सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। प्रदेश के अलग अलग जिलों से आए कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी से मिलने और उनकी बात सुनने को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।
भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के दौरान धक्का मुक्की की स्थिति बन गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत भी भीड़ के कारण कुछ समय तक प्रवेश द्वार के बाहर ही रह गए। यह घटनाक्रम कार्यक्रम शुरू होने से पहले चर्चा का विषय बन गया।
रायपुर पहुंचते ही हुआ जोरदार स्वागत Congress Training Camp
राहुल गांधी रविवार को रायपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ अभनपुर के लिए रवाना हुए। तीनों नेता एक ही वाहन में कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह और बढ़ गया तथा नारेबाजी का दौर भी देखने को मिला।
10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए राहुल
अभनपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। संगठन सृजन अभियान के तहत चल रहे इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं।
राहुल गांधी ने यहां विशेष सत्र में शामिल होकर संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बताया जा रहा है कि वे करीब चार घंटे तक शिविर में मौजूद रहे।
दूर दराज से पहुंचे कार्यकर्ता
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से कार्यकर्ता (Congress Training Camp) पहुंचे। सक्ती जिले के जैजैपुर से आए एक कार्यकर्ता ने बताया कि वह पहले भी राहुल गांधी से मिलने दिल्ली गया था, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इस बार वह बाइक से अभनपुर पहुंचा है ताकि अपने नेता से मुलाकात कर सके। कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी ने कार्यक्रम को पूरी तरह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।
भाजपा ने साधा निशाना
राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी यहां कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आए हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कई सवाल उठाए। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी राहुल गांधी के दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश ने कई राज्यों में उनके राजनीतिक अभियानों के परिणाम देखे हैं।
कांग्रेस ने किया पलटवार
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस नेताओं ने भी जवाब दिया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पुरंदर मिश्रा के बयान को अनावश्यक बताया और कहा कि वे चर्चा में बने रहने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर संगठन को मजबूत करने और जमीनी मुद्दों पर कार्यकर्ताओं को तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
संगठन मजबूती पर रहेगा फोकस
प्रशिक्षण शिविर में केवल राजनीतिक भाषण ही नहीं बल्कि कई व्यावहारिक सत्र भी आयोजित किए (Congress Training Camp) गए हैं। कार्यकर्ताओं को गांवों में जाकर लोगों से संवाद करने, स्थानीय समस्याओं को समझने और संगठन विस्तार की रणनीति पर काम करने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास और संगठन संचालन जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस इसे आगामी चुनावों से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की बड़ी तैयारी मान रही है।


