CM Helpline 1076 : शिकायत पर तुरंत एक्शन, कलेक्टर खुद कर रहे फीडबैक कॉल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जवाबदेह प्रशासन को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रभावी माध्यम बनकर (CM Helpline 1076) उभरी है। इस हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है। खास बात यह है कि जांजगीर-चांपा जिले में शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता परखने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे स्वयं हितग्राहियों को फोन कर फीडबैक ले रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायत बंद करना नहीं, बल्कि उसका स्थायी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व, बिजली, पेयजल और अन्य शासकीय सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का निराकरण तेजी से किया जा रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
कलेक्टर खुद कर रहे हितग्राहियों से बातचीत CM Helpline 1076
जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे शिकायतों के निराकरण के बाद स्वयं लाभार्थियों से दूरभाष पर संपर्क कर रहे हैं। वे शिकायतकर्ता से सीधे पूछते हैं कि समस्या का समाधान हुआ या नहीं और समाधान से वे संतुष्ट हैं या नहीं। यदि किसी शिकायत का समाधान अधूरा पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और अधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ी है।
राशन कार्ड की शिकायत का हुआ समाधान
पामगढ़ विकासखंड के ग्राम भंवतरा निवासी देवेंद्र दिनकर ने राशन कार्ड और राशन आवंटन से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद संबंधित विभाग ने आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया। इसके बाद कलेक्टर ने स्वयं फोन कर उनसे फीडबैक लिया। देवेंद्र दिनकर ने त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
पीएम आवास की दूसरी किस्त भी मिली
इसी तरह पामगढ़ विकासखंड के ग्राम पंडरी निवासी नवीन कुमार वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त जारी नहीं होने की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज (CM Helpline 1076) कराई थी। विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनकी दूसरी किस्त जारी कर दी। शिकायत के निराकरण के बाद कलेक्टर ने उनसे भी फोन पर बातचीत कर समाधान की पुष्टि की। नवीन वर्मा ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और कार्यप्रणाली की सराहना की।
समय सीमा में समाधान के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण नहीं, बल्कि स्थायी समाधान होना चाहिए, ताकि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रदेश में आमजन और शासन के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बनती जा रही है और सुशासन के संकल्प को नई मजबूती दे रही है।


