Bear Job : भालू बनकर करनी है नौकरी, मिलेगी 14 लाख रुपये सालाना सैलरी, जानिए कहां है यह अनोखा मौका
अगर आप ऐसी नौकरी की तलाश में हैं जिसमें ऑफिस का तनाव न हो और काम भी बिल्कुल अलग अंदाज का हो, तो यह खबर आपको हैरान कर (Bear Job) सकती है। चीन के एक चिड़ियाघर ने ऐसी भर्ती निकाली है, जिसमें कर्मचारियों को भालू की ड्रेस पहनकर पर्यटकों का मनोरंजन करना होगा। इस अनोखी नौकरी के बदले सालाना करीब 14 लाख रुपये तक की सैलरी देने की पेशकश की गई है।
इस अनोखी वैकेंसी ने सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं। नौकरी की शर्तें और काम करने का तरीका इतना अलग है कि कुछ ही दिनों में बड़ी संख्या में लोगों ने इसके लिए आवेदन कर दिया।
कहां निकली है यह अनोखी भर्ती Bear Job
यह भर्ती चीन के हेनान प्रांत के लुओहे शहर स्थित लुओहे वाइल्डलाइफ जू ने निकाली है। चिड़ियाघर प्रशासन ऐसे लोगों की तलाश में था जो काले भालू की कॉस्ट्यूम पहनकर पूरे परिसर में घूमें और पर्यटकों का मनोरंजन करें। 13 जून को जारी इस भर्ती की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों का ध्यान इस ओर खिंच गया।
क्या होगा काम
चयनित कर्मचारी को रोज करीब छह घंटे तक भालू की ड्रेस पहनकर चिड़ियाघर में रहना होगा। इस दौरान उसे पर्यटकों के साथ बिना बोले इशारों और हावभाव से बातचीत करनी होगी। ड्यूटी के दौरान बोलने की अनुमति नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर केवल भालू जैसी आवाज निकाल सकते हैं। केवल किसी आपात स्थिति में ही कर्मचारी सामान्य रूप से बात कर सकेगा।
पर्यटक जो खिलाएं, उसे खाना होगा
इस नौकरी की सबसे अनोखी शर्त यह है कि यदि कोई पर्यटक खाने की कोई चीज देता है, तो कर्मचारी को उसे स्वीकार करना होगा। इसके अलावा यदि थकान महसूस हो तो आराम करने की भी छूट रहेगी। कर्मचारी चाहें तो पेड़ पर चढ़ सकते हैं, डांस कर सकते हैं, उछल कूद कर सकते हैं या मछली पकड़ने की एक्टिंग करके लोगों का मनोरंजन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
इस नौकरी के लिए महिला और पुरुष दोनों आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और वह शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट होना (Bear Job) चाहिए। चूंकि इस भूमिका में ज्यादा बोलना नहीं होता, इसलिए चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि यह नौकरी एक्सट्रोवर्ट और इंट्रोवर्ट दोनों तरह के लोगों के लिए उपयुक्त है।
कुछ ही दिनों में भर गए सभी पद
जू प्रशासन के अनुसार भर्ती की घोषणा के बाद 100 से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया और कुछ ही दिनों में सभी पद भर गए। प्रवक्ता का कहना है कि यदि कोई कर्मचारी सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हो जाता है, तो उसकी कमाई तय सालाना वेतन से भी अधिक हो सकती है।
सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन
इस अनोखी नौकरी को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी। किसी ने लिखा कि गर्मी में भालू की ड्रेस पहनना सबसे मुश्किल काम होगा, तो किसी ने बिना बोले पूरे दिन काम करने को सबसे बड़ी चुनौती बताया।
वहीं कुछ लोगों ने इसे युवाओं के लिए अलग और दिलचस्प अवसर माना, जबकि कुछ का कहना था कि इससे बच्चों में जंगली जानवरों के व्यवहार को लेकर गलत संदेश (Bear Job) भी जा सकता है।



