Job in Chhattisgarh: रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का अवसर सामने आया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में सहायक ग्रेड-3 के कुल 100 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती (Direct Recruitment) की स्वीकृति प्रदान की है। विभाग ने संबंधित जिला कलेक्टरों को भर्ती प्रक्रिया के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को शासकीय सेवाओं से जोड़ने के साथ आम जनता को पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भर्ती प्रस्ताव को वित्त विभाग की वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी है।
इन जिलों में इतने पद (Job in Chhattisgarh)
स्वीकृत 100 पदों में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 8, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 7, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 7, मुंगेली में 7 और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 7 पद शामिल हैं।
इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद और बेमेतरा में 5-5, बिलासपुर और कोरबा में 5-5 तथा सक्ती में 5 पद स्वीकृत किए गए हैं।
दुर्ग, बालोद और राजनांदगांव में 4-4, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और रायगढ़ में 3-3 तथा धमतरी और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 2-2 पद हैं।
वहीं बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, सुकमा और बीजापुर में 2-2 तथा जशपुर में सहायक ग्रेड-3 का 1 पद स्वीकृत किया गया है।
आरक्षण नियमों के तहत होगी भर्ती (Job in Chhattisgarh )
शासन ने सभी संबंधित कलेक्टरों को निर्धारित आरक्षण प्रावधानों और भर्ती नियमों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत सूचना और आवेदन संबंधी जानकारी संबंधित जिला प्रशासन द्वारा जारी की जाएगी। युवाओं को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक Recruitment Notification जारी होने के बाद पात्रता, आवेदन तिथि और अन्य शर्तों की जानकारी ध्यानपूर्वक देखें।



