संपादकीय: बांग्लादेशी सांसद का शर्मनाक बयान

Editorial: बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित हो जाएंगे. वहां किसकी सरकार बनेगी और उसका राष्ट्रीय राजनीति पर कैसा असर पड़ेगा इसे लेकर पिछले चार दिनों से खबरिया चैनलों पर राजनीतिक विश्लेषक माथापच्ची कर रहे हैं. आगे इस पर और विश्लेषण होता रहेगा. यह स्वाभाविक है किंतु बंगाल के चुनाव परिणाम को लेकर बांग्लादेश के एक सांसद अख्तर हुसैन ने वहां की संसद में चौंकाने वाला बयान दिया है जो शर्मनाक है.
उक्त सांसद ने चिंता व्यक्त की है कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बन गई तो बांग्लादेश मुसीबत में पड़ जाएगा. क्योंकि भाजपा ने घोषणा कर रखी है कि बंगाल में उनकी सरकार बनने पर वे बंगाल में डेरा डाले पड़े लाखों बांग्लादेशी घुसपैठिये को खदेड़ देगी. बांग्लादेशी सांसद अख्तर हुसैन का कहना है कि ऐसा हुआ तो बांग्लादेश के कंधो पर लाखों शरणार्थियों का बोझ बढ़ जाएगा.
कितनी घटिया सोच है इस सांसद की जो अपने ही देश के नागरिकों को शरणार्थी बोल रहा है और उन्हें बोझ बता रहा है. बांग्लादेश के कट्टरपंथी दिल से दुआ करते आ रहे हैं कि बंगाल में कभी भी भाजपा की सरकार न बने ताकि बांग्लादेश से भारत में घुसपैठ बदस्तूर जारी रह सके. उनकी चिंता घुसपैठियों को खदेड़े जाने को लेकर तो है ही उससे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि बंगाल में भाजपा की सरकार बन जाने पर बांग्लादेश से घुसपैठ पर प्रभावी रोक लग जाएगी.
गौरतलब है भारत – बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग का काम अभी तक अधर में लटका हुआ है क्योंकि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केन्द्र सरकार के बार बार अनुरोध करने के बावजूद जमीन उपलब्ध कराने को तैयार ही नहीं हुई थी. वे तो चाहती रही हैं कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठिये बंगाल में आते रहे और उनका वोट बैंक बढ़ता रहे. इसीलिए वे घुसपैठियों को बसाती रही हैं और तमाम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराती रही हैं.
इन अवैध नागरिकों की बदौलत ही वे पन्द्रह सालों से सत्ता के सिंहासन पर विराजमान रही हैं लेकिन इस बार उनके प्रबल विरोध के बाद भी चुनाव आयोग ने बंगाल में एफआईआर कराकर लाखों बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए. अब भाजपा की सरकार बनती है तो जाहिर है चुन चुनकर बांग्लादेशी घुसपैठिये खदेड़े जाएंगे और सीमा की फैंसिग़ हो जाने तथा सीमा सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम हो जाने से बांग्लादेश से घुसपैठ नहीं हो पाएगी. यही वजह है कि बांग्लादेशी सांसद अख्तर हुसैन बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर चिंता जता रहा है और अपने ही देश के नागरिकों को बोझ बता रहा है.



