संपादकीय: अतिक्रमण के चलते सकरी हो रही सड़कें
Roads narrowing due to encroachment: राजधानी रायपुर सहित सभी शहरों और कस्बों में सड़कों के किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़कें अब सकरी होने लगी हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। खासतौर पर त्यौहारी सीजन में जब सड़कों पर चहल-पहल बढ़ जाती है तो न सिर्फ वाहन चालकों आवागमन में दिक्कत होती है, बल्कि इन सकरी सड़कों पर लोगों का पैदल चल पाना भी मुहाल हो जाता है। सबसे बड़ी समस्या बाजार आने वाले लोगों को अपने वाहनों की पार्किंग के लिए जगह ढूंढने में होती है।
यातायात पुलिस और नगरीय निकायों का अमला समय-समय पर सड़क किनारे किये गये अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान जरूर चलाता है, लेकिन ऐसे अतिक्रमण हटने के दो चार दिनों बाद फिर से हो जाते हैं। दुर्ग से रायपुर तक बनी फोरलेन के दोनों किनारे जो सर्विस लाइन बनाई गई है वह भी प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण की चपेट में आ गई है।
यहां तक की सर्विस लाइन पर पुरानी गाडिय़ों की खरीदी-बिक्री का बाजार लगने लगा है। जिसकी वजह से दुपहिया चालकों को भी सर्विस लाइन की जगह फोरलेन का ही उपयोग करना पड़ता है। यह सब लंबे अरसे से चला आ रहा है, लेकिन गणेश पर्व दुर्गोत्सव और अन्य त्यौहारों के समय यातायात की व्यवस्था इन अतिक्रमणों के कारण बदहाल हो जाती है। लोगों को त्यौहारी सीजन में दिक्कतों का सामना न करना पड़े इसके लिए नगरीय निकायों और पुलिस को मिलकर सड़कों के किनारे किये गये बेजा कब्जा को हटाने के लिए जल्द ही बड़ा अभियान चलाना चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।



