छत्तीसगढ़

रायपुर स्टेशन पर बदला प्रवेश मार्ग, आरक्षण केंद्र के पास बना अस्थायी मुख्य द्वार

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और आधुनिकीकरण का काम तेज गति से चल रहा है। निर्माण कार्यों के कारण स्टेशन के शहर साइड स्थित मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर-2 पर घेराबंदी की गई है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा और स्टेशन में आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए रेलवे ने वैकल्पिक प्रवेश और निकास मार्ग की व्यवस्था की है। आरक्षण केंद्र भवन के पास अस्थायी मुख्य प्रवेश द्वार बनाया गया है। रेलवे ने यात्रियों से निर्माण क्षेत्र में नहीं जाने और निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने की अपील की है।

रेलवे के अनुसार स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए अलग-अलग दिशा से आने वाले यात्रियों के लिए प्रवेश और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आरक्षित टिकट वाले यात्री आरक्षण केंद्र के पास बनाए गए अस्थायी प्रवेश द्वार से स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सकते हैं। इसके बाद सीधे या फुट ओवर ब्रिज का उपयोग कर अपने निर्धारित प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकते हैं।

अनारक्षित यात्रियों के लिए टिकट की सुविधा

अनारक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी टिकट लेने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। आरक्षण केंद्र भवन में स्थित अनारक्षित टिकट केंद्र और स्वचालित टिकट मशीन से टिकट प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा रेलवन मोबाइल ऐप के माध्यम से भी अनारक्षित टिकट लिया जा सकता है। टिकट लेने के बाद यात्री निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से अपने प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे।

तेलघानी नाका की ओर से आने वालों के लिए अलग व्यवस्था

तेलघानी नाका की ओर से स्टेशन पहुंचने वाले दोपहिया वाहन चालकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्क करने के बाद यात्री आरक्षण केंद्र भवन के पास बनाए गए अस्थायी मुख्य प्रवेश द्वार से स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। इसी तरह एक्सप्रेस-वे की ओर से आने वाले चारपहिया वाहन चालक स्टेशन के समीप निर्धारित पार्किंग स्थल में वाहन खड़ा कर गेट नंबर-1 से स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सकते हैं।

निर्माण क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान व्यवस्था अस्थायी है और निर्माण कार्य की स्थिति तथा यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार इसमें आगे भी बदलाव किया जा सकता है। निर्माणाधीन हिस्सों के आसपास यात्रियों और आम नागरिकों का प्रवेश सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में घेराबंदी वाले क्षेत्र में प्रवेश न करें और रेलवे की ओर से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

रायपुर स्टेशन का मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट एवं आधुनिकीकरण पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने निर्माण कार्य को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए यात्रियों से सहयोग की अपील की है। यात्रियों को यात्रा के दौरान रेलवे की सुरक्षा संबंधी सूचनाओं और दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित प्रवेश-निकास मार्ग का ही उपयोग करने कहा गया है। 

Related Articles

Back to top button