छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान: मरीन ड्राइव कार्यक्रम के चलते आज कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को मरीन ड्राइव में आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस ने डायवर्सन और पार्किंग प्लान तैयार किया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने मरीन ड्राइव और आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कार्यक्रम का समय शाम करीब 7 बजे निर्धारित है।

इन रास्तों से बदला जाएगा ट्रैफिक

तेलीबांधा थाना तिराहा से तेलीबांधा चौक होते हुए मरीन ड्राइव की ओर जाने वाले वाहनों को थाना तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। कटोरा तालाब की ओर से मरीन ड्राइव जाने वाले वाहनों को कटोरा तालाब चौक से वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा।

शंकर नगर की ओर से भारत माता चौक होते हुए मरीन ड्राइव जाने वाले वाहनों को अनुपम नगर चौक से डायवर्ट किया जाएगा। शास्त्री चौक से भगत सिंह चौक होते हुए मरीन ड्राइव की ओर जाने वाले वाहनों को शास्त्री चौक से ही वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। कटोरा तालाब और इनकम टैक्स कॉलोनी की ओर से आने वाले वाहनों को इनकम टैक्स कॉलोनी टर्निंग से डायवर्ट किया जाएगा।

इन मार्गों पर आवागमन-पार्किंग प्रतिबंधित

कार्यक्रम के दौरान भगत सिंह चौक से खजाना चौक तक, भगत सिंह चौक से शंकर नगर अंडरब्रिज तक और भगत सिंह चौक से तेलीबांधा चौक तक दोनों ओर वाहनों का आवागमन और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा आनंद नगर चौक से भारत माता चौक एवं कटोरा तालाब चौक तक दोनों ओर भी वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पर रोक रहेगी।

यहां पार्क कर सकेंगे वाहन

कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों के लिए गॉस मेमोरियल ग्राउंड, अंबेडकर चौक स्थित मल्टीलेवल पार्किंग, ऑक्सीजोन के किनारे का मार्ग, शांति नगर विमतारा रोड, सूर्य नमस्कार केनाल रोड और बीटीआई ग्राउंड शंकर नगर में बस एवं कार पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है। सड़क किनारे या प्रतिबंधित क्षेत्र में पार्किंग नहीं करने कहा गया है, ताकि यातायात के साथ आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी सुचारू बनी रहे।

जरूरी काम हो तभी इन मार्गों पर जाएं

यातायात पुलिस ने नागरिकों से 17 सितंबर की शाम कार्यक्रम के दौरान मरीन ड्राइव और आसपास के मार्गों का अनावश्यक उपयोग नहीं करने की अपील की है। जरूरी होने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और पुलिस की बैरिकेडिंग व डायवर्सन व्यवस्था का पालन करने कहा गया है। परिस्थितियों के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button