छत्तीसगढ़

प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचते चार आरोपी गिरफ्तार, 183 गोलियां जब्त

अछोली में हीरा गार्डन के पास ग्राहक की तलाश कर रहे थे आरोपी, दोपहिया वाहन समेत 1.20 लाख का माल जब्त

रायपुर। त्योहारी सीजन के मद्देनजर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा उरला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की बिक्री करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 183 नग नाइट्राजेपाम टेबलेट और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को सूचना मिली थी कि उरला थाना क्षेत्र के ग्राम अछोली स्थित हीरा गार्डन के पास कुछ युवक दोपहिया वाहन से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और उरला पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए और वाहन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

पुलिस टीम ने मौके पर चार युवकों को पकड़कर तलाशी ली। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम युवराज ध्रुव, सौरभ यादव, आकाशदीप और नीरज देवांगन बताए। तलाशी के दौरान उनके पास नाइट्राजेपाम की प्रतिबंधित नशीली टेबलेट मिली। पुलिस के मुताबिक टेबलेट रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर 183 नग नाइट्राजेपाम टेबलेट और एक दोपहिया वाहन जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ उरला थाने में अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।

चारों आरोपी रायपुर जिले के

गिरफ्तार आरोपियों में युवराज ध्रुव उर्फ निक्की (19), निवासी दोंदेखुर्द, थाना विधानसभा; सौरभ यादव (19), निवासी मांढर, थाना विधानसभा; आकाशदीप (24), निवासी दोंडे खुर्द, थाना विधानसभा; और नीरज देवांगन (19), निवासी ग्राम गुमा, थाना उरला शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशीली दवाओं की अवैध खरीदी-बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाकर आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button