Shravani Mela Special Train : बाबाधाम जाने वाले शिवभक्तों को बड़ी राहत, रायपुर-दुर्ग-भाटापारा से चलेगी स्पेशल ट्रेन, 10 फेरे में मिलेगी कंफर्म सीट
श्रावणी मेला के दौरान बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं और शिवभक्तों के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (Shravani Mela Special Train) चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का परिचालन दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरों के लिए किया जाएगा। रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत दुर्ग, रायपुर और भाटापारा स्टेशनों पर भी इस ट्रेन का ठहराव दिया गया है, जिससे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को बाबाधाम यात्रा में सुविधा मिलेगी।
1 अगस्त से शुरू होगी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन
रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 08895 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (Shravani Mela Special Train) नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से 1 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 08896 मधुपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 2 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी।
रेलवे ने यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विशेष ट्रेन का संचालन किया है। ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव दोनों दिशाओं में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है। इनमें गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर स्टेशन शामिल हैं।
रायपुर, दुर्ग और भाटापारा स्टेशन पर मिलेगा ठहराव
श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (Shravani Mela Special Train) के ठहराव से रायपुर रेल मंडल के यात्रियों को सबसे अधिक सुविधा मिलेगी। दुर्ग, रायपुर और भाटापारा स्टेशन से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबाधाम की यात्रा करते हैं। अब उन्हें नियमित ट्रेनों में भीड़ और सीट की समस्या से राहत मिलेगी।
ट्रेन की समय सारिणी
गाड़ी संख्या 08895 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी से सुबह 4:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गोंदिया 6:28 बजे पहुंचेगी और 6:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद डोंगरगढ़ 7:30 बजे, राजनांदगांव 7:58 बजे, दुर्ग 8:35 बजे, रायपुर 9:30 बजे और भाटापारा 10:35 बजे पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन बिलासपुर 11:40 बजे, चांपा 12:41 बजे, रायगढ़ 13:51 बजे, बेलपहाड़ 14:29 बजे और ब्रजराजनगर 14:40 बजे पहुंचेगी। निर्धारित स्टेशनों से होते हुए यह ट्रेन अगले दिन सुबह 6 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 08896 मधुपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन मधुपुर से सुबह 9 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन ब्रजराजनगर, बेलपहाड़, रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर और दुर्ग होते हुए अगले दिन सुबह 11:50 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन में मिलेगी बड़ी संख्या में कंफर्म बर्थ
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में बड़ी संख्या में कंफर्म सीट उपलब्ध कराई है। गाड़ी संख्या 08895 में 1 अगस्त को एसी तृतीय श्रेणी में 145 और स्लीपर में 420 बर्थ उपलब्ध रहेंगी। 8 अगस्त को एसी तृतीय श्रेणी में 154 और स्लीपर में 426 बर्थ, 15 अगस्त को एसी तृतीय श्रेणी में 155 और स्लीपर में 429 बर्थ उपलब्ध रहेंगी। इसी तरह 22 अगस्त और 29 अगस्त को भी एसी तृतीय श्रेणी में 155-155 तथा स्लीपर श्रेणी में 430-430 बर्थ उपलब्ध रहेंगी।
वापसी की ट्रेन गाड़ी संख्या 08896 में 2 अगस्त को एसी तृतीय श्रेणी में 190 और स्लीपर में 528 बर्थ, 9 अगस्त को एसी तृतीय श्रेणी में 191 और स्लीपर में 527 बर्थ उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा 16 अगस्त, 23 अगस्त और 30 अगस्त को भी यात्रियों के लिए पर्याप्त संख्या में सीट उपलब्ध रहेंगी।
इन स्टेशनों पर भी मिलेगा ठहराव
श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (Shravani Mela Special Train) का ठहराव दोनों दिशाओं में झारसुगुड़ा, बामड़ा, गारपोस, राजगंगपुर, राउरकेला, ओड़गा, बानो, पोकला, हटिया, रांची, मुरी, झालिदा, कोटशिला, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, कतरासगढ़, धनबाद और चित्तरंजन स्टेशनों पर भी दिया गया है।
20 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान, चार सामान्य श्रेणी और दो एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते अग्रिम आरक्षण कराकर कंफर्म सीट के साथ सुगम यात्रा का लाभ उठाएं। ट्रेन की समय सारिणी और ठहराव संबंधी विस्तृत जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।



