नशीली टेबलेट बेचने ग्राहक तलाश रहा अपचारी बालक पकड़ाया

रायपुर। सरस्वती नगर पुलिस ने नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 119 नशीली टेबलेट के साथ एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से नशीली टेबलेट नाइट्रोसन-10 बरामद की है। जब्त टेबलेट की कीमत करीब 24 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को मुखबीर से सूचना मिली थी कि शीतला तालाब के पास कोटा क्षेत्र में एक युवक लाल रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की जींस पहने नशीली टेबलेट लेकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में सूचना पंचनामा तैयार किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर मौके पर रवाना हुई।
पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम पीयुष नडार, पिता अजीत नडार, उम्र 16 वर्ष 11 माह, निवासी पाटंकी के पास कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखे सफेद कैरी बैग के अंदर प्लास्टिक की झिल्ली में नशीली टेबलेट मिलीं।
जांच में नाइट्रोसन-10 की एक खेप में बैच नंबर डीएफएच 3871 ए की 4 स्ट्रिप में 40 टेबलेट और बैच नंबर डीएफएच 0842 ई की 8 स्ट्रिप में 79 टेबलेट, कुल 119 टेबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने टेबलेट के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन अपचारी बालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू से टेबलेट का वजन कराया। एक टेबलेट का वजन 0.57 ग्राम और 10 टेबलेट वाली एक स्ट्रिप का वजन 7.42 ग्राम पाया गया। कुल 119 टेबलेट का वजन 92.32 ग्राम निकला। पुलिस ने नशीली टेबलेट और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में अपचारी बालक का कृत्य एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत अपराध पाए जाने पर मौके पर देहाती नालसी दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई।



