40 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त, आईसीसी कमांड की तीसरी आंख से धान खरीदी पर रखी जा रही कड़ी निगरानी

रायपुर. छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य शासन द्वारा स्थापित आईसीसी कमांड (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था के माध्यम से प्रदेशभर के धान खरीदी केंद्रों और संबंधित गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसका उद्देश्य वास्तविक किसानों से धान खरीदी सुनिश्चित करने के साथ अवैध परिवहन, अनधिकृत भंडारण तथा बिचौलियों के माध्यम से धान विक्रय जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
आईसीसी कमांड की 23 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में निगरानी के दौरान कुल 1,362 अलर्ट दर्ज किए गए, जिनमें से 122 अलर्ट का निराकरण किया जा चुका है। वहीं, प्रदेश में धान जब्ती की कार्रवाई के तहत कुल 40,453 क्विंटल धान जब्त किया गया है। रिपोर्ट में 8 मिलों का भौतिक सत्यापन भी दर्ज है। ये आंकड़े धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी और अनियमितताओं पर कार्रवाई के लिए शासन की सक्रियता को दर्शाते हैं।
जशपुर में सबसे ज्यादा धान जब्ती, महासमुंद और दुर्ग भी अग्रणी
जिला स्तर पर धान जब्ती की कार्रवाई में जशपुर जिला 12,103 क्विंटल धान की जब्ती की गई है। महासमुंद में 6,150 क्विंटल और दुर्ग में 4,975 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसके अलावा बलरामपुर में 2,982 क्विंटल, राजनांदगांव में 2,798 क्विंटल, रायगढ़ में 2,528 क्विंटल और कांकेर में 1,676 क्विंटल धान की जब्ती दर्ज की गई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई यह कार्रवाई धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए प्रशासनिक सतर्कता को प्रदर्शित करती है।



