रायपुर, दुर्ग और भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर अतिरिक्त आरपीएफ जवानों की तैनाती

रायपुर. दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने व्यापक भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की है। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद के दिशा-निर्देश पर रायपुर, दुर्ग और भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवाजाही के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
रेल प्रशासन के अनुसार, 05 से 14 नवंबर 2026 के बीच त्योहारों के कारण स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विशेष कार्ययोजना लागू की गई है।
रायपुर स्टेशन पर 400 यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया
रायपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। यहां करीब 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। यात्रियों के लिए सीसीटीवी निगरानी, किफायती भोजन, पेयजल और प्रकाश की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली तीन ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर-7 से संचालित करने के लिए निर्धारित किया गया है। इनमें दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस (15160), गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस (15232) और दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287) शामिल हैं।
इसके अलावा व्यस्त समय में तीन अतिरिक्त टिकट काउंटर और छह अतिरिक्त ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) की व्यवस्था की गई है। एम-यूटीएस सुविधा के साथ अतिरिक्त वाणिज्यिक पर्यवेक्षकों की तैनाती भी की गई है।
दुर्ग स्टेशन पर भी यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम
दुर्ग रेलवे स्टेशन के मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स (MFC) का उपयोग होल्डिंग एरिया के रूप में किया जा रहा है। यहां यात्रियों के लिए किफायती भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। ट्रेनों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए सभी प्लेटफार्मों का अग्रिम निर्धारण किया गया है।
भीड़ के समय अतिरिक्त टिकट काउंटर और एटीवीएम उपलब्ध रहेंगे। यात्रियों की सहायता और भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ तथा टिकट जांच कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।
109 आरपीएफ जवानों की तैनाती, सीसीटीवी से होगी निगरानी
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए तीनों प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त आरपीएफ बल तैनात किया गया है। रायपुर स्टेशन पर 55, दुर्ग में 42 और भिलाई पावर हाउस में 12 आरपीएफ जवानों की बीटवार एवं शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।
सीसीटीवी कैमरों से भी स्टेशन परिसरों की लगातार निगरानी की जाएगी। रायपुर में 55, दुर्ग में 43 और भिलाई पावर हाउस में 55 कैमरे कार्यरत हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए रायपुर स्टेशन पर ड्रोन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। प्रवेश और निकास द्वारों, यात्रियों की कतारों तथा फुट ओवरब्रिज पर भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम
यात्रियों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए वार रूम सक्रिय रखा जाएगा। यहां विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड के माध्यम से भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
किसी भी तकनीकी समस्या से तत्काल निपटने के लिए वाणिज्यिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा यांत्रिक विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
इसके साथ ही प्रतीक्षालय, शौचालय, पंखे, एयर कंडीशनिंग, पेयजल, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी यात्री सुविधाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेशन परिसर की स्वच्छता, खानपान स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित दरों के पालन पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
रायपुर स्टेशन पर एम्बुलेंस और चिकित्सा दल की व्यवस्था की गई है। वहीं रायपुर और दुर्ग स्टेशनों पर चिकित्सा शिविर आयोजित करने की तैयारी भी की जा रही है।



