छत्तीसगढ़

Raipur News: रक्षाबंधन पर ट्रेनें पैक, बिहार-यूपी रूट पर 100 से ज्यादा वेटिंग

Raipur News: रायपुर। रक्षाबंधन के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन से सफर करना मुश्किल होता जा रहा है। रायपुर से बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मुंबई की ओर जाने वाली अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक वेटिंग बढ़ गई है। कई ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है, जबकि कुछ में नो-रूम की स्थिति बन रही है। 26 से 30 अगस्त के बीच रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है।

रायपुर से वाराणसी और बलिया की ओर जाने वाली ट्रेनों में करीब 65 तक वेटिंग है। नागपुर रूट पर 20 से 50, दिल्ली-मुंबई रूट पर 9 से 40, जबकि भोपाल और रांची की ओर जाने वाली ट्रेनों में 30 से 45 तक वेटिंग चल रही है। बिलासपुर और नागपुर रूट पर नियमित ट्रेनों की संख्या अधिक होने से यात्रियों के पास विकल्प हैं, लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनों में स्लीपर और एसी बर्थ की मांग काफी ज्यादा है।

दुर्ग-अंबिकापुर में 114 तक वेटिंग

रक्षाबंधन के आसपास सबसे अधिक दबाव दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस में दिखाई दे रहा है। ट्रेन संख्या 18241 में 27 अगस्त के लिए वेटिंग 114 तक पहुंच गई है। इसके अलावा गोंडवाना सुपरफास्ट में 25-26 अगस्त के लिए 65 से ज्यादा वेटिंग, हमसफर एक्सप्रेस में 9, समता एक्सप्रेस में 41, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में 48, गोंदिया एक्सप्रेस में 65, सारनाथ एक्सप्रेस में 62 और पुरी-जयनगर सुपरफास्ट में 50 से अधिक वेटिंग चल रही है।

दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए गोंडवाना सुपरफास्ट, संपर्क क्रांति, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और समता एक्सप्रेस प्रमुख विकल्प हैं। वहीं मुंबई की ओर गीतांजलि एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी सहित अन्य ट्रेनें चलती हैं, लेकिन इनमें भी बर्थ सीमित हैं।

अभी तक स्पेशल ट्रेन की घोषणा नहीं

रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बावजूद रेलवे की ओर से अभी तक कोई स्पेशल ट्रेन घोषित नहीं की गई है। अतिरिक्त ट्रेन या अतिरिक्त कोच चलाने का निर्णय होने पर यात्रियों को राहत मिल सकती है। रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

रायपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुस्कर विपुल विलासराव के अनुसार, अधिकांश यात्रियों ने पहले ही अपनी बर्थ आरक्षित करा ली है। लंबी और छोटी दूरी के लिए अतिरिक्त ट्रेन अथवा कोच के संबंध में रेलवे स्तर पर निर्णय होने पर यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button