बिग बास्केट से रिफंड दिलाने के नाम पर 97 हजार की ऑनलाइन ठगी

रायपुर। ऑनलाइन खरीदारी के रुपये वापस दिलाने का झांसा देकर पुरानी बस्ती क्षेत्र के एक व्यक्ति से 97 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित विजय अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। पीड़ित अमीनपारा, पुरानी बस्ती निवासी विजय अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने बिग बास्केट से ऑनलाइन खरीदारी की थी। इसके बाद उन्हें 513 रुपये का रिफंड लेना था। इसके लिए उन्होंने 21 सितंबर 2026 को गूगल पर बिग बास्केट का कस्टमर केयर नंबर तलाशा और दिए गए नंबर पर संपर्क किया। फोन करने वाले व्यक्ति ने उनसे वाट्सऐप नंबर मांगा, जिसे उन्होंने उपलब्ध करा दिया। कुछ देर बाद एक अन्य मोबाइल नंबर से उनके पास वाट्सऐप वीडियो कॉल आया।
कॉल करने वाले ने उन्हें कुछ नंबर डायल करने के लिए कहा और वाट्सऐप पर एपीके फाइल भेजकर कस्टमर सपोर्ट एप्लीकेशन इंस्टॉल करवाया। इसके बाद उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 90 हजार रुपये और फिर सात हजार रुपये के यूपीआई लेनदेन का संदेश आया। इस तरह उनके खाते से कुल 97 हजार रुपये निकल गए। खाते से रकम निकलने का पता चलते ही पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर घटना की जानकारी दी। शिकायत दर्ज होने पर उन्हें पावती क्रमांक भी मिला। इसके बाद उन्होंने पुरानी बस्ती थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी जरूरी
ऑनलाइन खरीदारी का रिफंड दिलाने के नाम पर अनजान नंबरों से आने वाले फोन और संदेशों से सावधान रहें। कस्टमर केयर का नंबर संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत माध्यम से ही प्राप्त करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में एपीके फाइल इंस्टॉल न करें और न ही बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करें।


