छत्तीसगढ़

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत, विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद आर्थिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने वर्ष 2026 और 2027 में भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है, जो देश की मजबूत अर्थव्यवस्था और प्रभावी आर्थिक नीतियों का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्ष 2026 में वैश्विक आर्थिक विकास दर 3.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि भारत की विकास दर 7 प्रतिशत रहने की संभावना है। यह अंतर भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती, निरंतरता और वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की क्षमता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में किए गए व्यापक आर्थिक सुधारों, अधोसंरचना में ऐतिहासिक निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार, विनिर्माण को प्रोत्साहन और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने से देश की विकास यात्रा को नई गति मिली है। भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ वैश्विक आर्थिक वृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को मजबूती प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ भी अपनी पूरी क्षमता के साथ योगदान दे रहा है। राज्य सरकार विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के अनुरूप निवेश, उद्योग, अधोसंरचना, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button