छत्तीसगढ़

Raipur Crime : दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर 25 हजार की उगाही, दो युवतियों पर ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज

राजधानी में ब्लैकमेलिंग (Blackmailing) और हनीट्रैप (Honey Trap) का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना (Civil Lines Police Station) पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर दो युवतियों के खिलाफ दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 25 हजार रुपये की उगाही करने के आरोप में अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

नौकरी और पार्लर के नाम पर बढ़ाया संपर्क

शिकायत के अनुसार शंकर नगर निवासी जयंत चौधरी की मुलाकात मई 2026 में गुढ़ियारी में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। दोनों ने नौकरी दिलाने और पार्लर खोलने के नाम पर आर्थिक मदद मांगी। इसके बाद फोन और मैसेज के जरिए लगातार संपर्क में रहकर मिलने का दबाव बनाती रहीं।

फोटो-वीडियो बनाने के बाद शुरू हुई ब्लैकमेलिंग

पीड़ित का आरोप है कि 14 जून को मुलाकात के दौरान दोनों युवतियों ने सिगरेट पीने का आग्रह किया, जिसके बाद उसे और उसके साथी को चक्कर आने लगे। इसी दौरान कथित तौर पर उनकी फोटो और वीडियो बना लिए गए। अगले दिन दोनों ने फोन कर गलत हरकत का आरोप लगाते हुए मामला दबाने के एवज में पैसे की मांग की और रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म केस (Rape Case) दर्ज कराने तथा परिवार और कार्यालय में बदनाम करने की धमकी दी।

25 हजार लेने के बाद भी जारी रही पैसों की मांग

शिकायत में कहा गया है कि लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर 25 जून को पीड़ित ने तरुण नगर हाट बाजार के पास दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नकद दे दिए। इसके बावजूद आरोपित और पैसों की मांग करती रहीं। एक जुलाई को कार में रखे नकदी से भरे बैग पर हाथ साफ करने की कोशिश की गई, जबकि 10 जुलाई को दोनों युवक के कार्यालय पहुंचीं और स्टाफ के सामने गाली-गलौज करते हुए फिर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी।

मोबाइल चैट और सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मोबाइल कॉल डिटेल (Call Detail Record), चैट, सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button