गुजरात में चार घंटे में लगभग 25 प्रतिशत मतदान, पीएम मोदी ने किया वोट

गुजरात में चार घंटे में लगभग 25 प्रतिशत मतदान, पीएम मोदी ने किया वोट

गांधीनगर ।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर एक साथ आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया और पहले चार घंटे में यानी 11 बजे तक 24.93 प्रतिशत मतदान हुआ था। सर्वाधिक 31.31 प्रतिशत मतदान दाहोद अनुसूचित जाति सुरक्षित क्षेत्र में तथा सबसे कम 19.12 अहमदाबाद पूर्व में हुआ है। पहले दो घंटे में 10.01 प्रतिशत वोटिंग हुई थी और इसके बाद इसमे थोड़ी तेजी आ गयी। सुबह जल्दी ही मतदान करने वालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद के राणिप मेंं निशान स्कूल में बने बूथ पर वोट दिया। इस मौके पर गांधीनगर लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी तथा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी उनकी अगवानी के लिए मौजूद थे। श्री शाह ने बाद मेें सपरिवार नाराणपुरा में मतदान किया। मध्य प्रदेश की राज्यपाल तथा गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने अहमदाबाद के शीलज मेे वोट डाला। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पत्नी अंजलीबेन के साथ राजकोट में मतदान किया। नेता प्रतिपक्ष तथा कांग्रेस के उम्मीदवार परेश धानाणी ने अमरेली में वोटिंग की। कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने सुरेन्द्रनगर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले वीरमगाम में मतदान किया।


मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारे लग गयीं थी।
गुजरात में चुनाव के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, राज्य सरकार के मंत्री परबत पटेल, चार पूर्व केंदीय मंत्रियों और राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता परेश धानाणी के अलावा अन्य 7 कांग्रेस विधायकों समेत 371 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी तथा वित्त मंत्री अरूण जेटली, अहमदाबाद में अलग अलग बूथ पर तथा कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला राजकोट में मतदान करेंगे। प्रधानमंत्री की लगभग 90 वर्षीय माता हीराबा ने गांधीनगर के रायसण गांव के एक बूथ में मतदान किया। श्री मोदी ने मतदान देने से पहले यहां मां हीराबा से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।

गुजरात के मुख्य चुनाव अधिकारी एस मुरली कृष्णा ने बताया कि 26 लोकसभा सीटों के साथ ही गुजरात में कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के कारण चार विधानसभा सीटों जामनगर ग्रामीण, ऊंझा, ध्रांगध्रा और माणावदर में उपचुनाव भी हो रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। यहां कुल 4,51,25,680 मतदाताओं में 2,16,96,571 महिलाएं हैं। 990 तीसरे लिंग के यानी ट्रांस जेंडर हैं। पहली बार मतदान करने वाले 18 से 19 साल के मतदाताओं की कुल संख्या 10,06,855 है। चुनाव के लिए कुल 51851 मतदान केंद्र बनाये गये हैं जिनमें से 17430 शहरी इलाकों में और शेष ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। मतदान के लिए दो लाख 23 हजार से मतदानकर्मी लगाये गये हैं।
सभी 26 लोकसभा सीटों पर कुल 371 प्रत्याशी मैदान में है इनमें से सर्वाधिक 31 सुरेन्द्रनगर में और न्यूनतम छह पंचमहाल में हैं। चार विधानसभा सीटों पर कुल 45 प्रत्याशी हैं।
ज्ञातव्य है कि मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।
भाजपा ने पिछली बार सभी 26 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी।
यहां दो सप्ताह तक चले जबरदस्त प्रचार अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सात चुनावी रैलिंयां की थी जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ऐसी चार सभाएं की थीं। दोनो ने एक दूसरे पर सीधे आरोप लगाये थे।


प्रचार के दौरान भाजपा ने जहां राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और विकास के साथ ही साथ कांग्रेस के गुजरात के साथ कथित अन्याय को मुख्य मुद्दा बनाया वहीं कांग्रेस ने नोटबंदी और जीएसटी के अलावा किसानों की बदहाली और बेरोजगारी आदि को प्रमुखता से उठाया।
भाजपा की ओर से इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, जो गांधीनगर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी भी हैं, ने पांच रोड शो किये। कांग्रेस की ओर से पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू , पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल तथा हाल में भाजपा छोड़ पार्टी में आये अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी सभाएं की।
चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल पर हुए हमले की भी खासी चर्चा रही। सुरेन्द्रनगर के बलदाणा गांव में उनकी सभा के दौरान एक व्यक्ति ने उन को तमाचा जड़ दिया था। गुजरात से लोकसभा चुनाव में श्री शाह के अलावा प्रमुख उम्मीदवारोें में चार पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी (कांग्रेस, आणंद) तुषार चौधरी (कांग्रेस, बारडोली) , मनसुख वसावा (भाजपा भरूच) और मोहन कुंडारिया (भाजपा राजकोट) है। इनके अलावा राज्य के मंत्री परबत पटेल बनासकांठा सीट पर भाजपा उम्मीदवार है। कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष और अमरेली के विधायक परेश धानाणी समेत आठ विधायकों को भी चुनाव मैदान में उतारा है।
भाजपा ने चार निवर्तमान सांसदों समेत छह महिलाओं को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस ने केवल एक महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार नहीं बनाया है जबकि कांग्रेस ने मात्र एक मुस्लिम को टिकट दिया है। राज्य की दो सीटे अनुसूचित जाति तथा चार अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
मतगणना 23 मई को होगी।

JOIN OUR WHATS APP GROUP

डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *