छत्तीसगढ़

नवा रायपुर के आसमान में सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, तिरंगे की फॉर्मेशन ने मोहा मन

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को नवा रायपुर के सेंध लेक का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम ने पांच हेलीकॉप्टरों के साथ रोमांचकारी हवाई करतब प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस प्रदर्शन की फुल ड्रेस रिहर्सल देखी। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने भी अपने साहसिक प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित किया।

हवाई प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरने वाले करतब और आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच भारतीय वायु सेना के जवानों ने राष्ट्रभक्ति और गौरव का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।

आकाशगंगा के जवानों ने पैराशूट से लगाई सटीक लैंडिंग

कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से सेंध लेक के सामने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। हवा में पैराशूट को नियंत्रित करने और निर्धारित स्थान तक पहुंचने के दौरान जवानों के साहस, संतुलन और प्रशिक्षण की झलक देखने को मिली। सफल लैंडिंग के बाद पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।

गरुड़ कमांडोज ने दिखाया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन

इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। जवानों ने हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर निर्धारित स्थान पर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। कठिन परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई करने और लक्ष्य तक पहुंचने की उनकी क्षमता ने दर्शकों को प्रभावित किया। प्रदर्शन के बाद जवानों ने मंच को सलामी भी दी।

पांच हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर करतब ने थाम दीं सांसें

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण सारंग टीम का प्रदर्शन रहा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक के बाद एक आकर्षक फॉर्मेशन बनाई। कभी सभी हेलीकॉप्टर एक साथ एक ही दिशा में उड़ते दिखाई दिए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं से आते हुए निर्धारित फॉर्मेशन में शामिल हो गए।

प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरने वाला क्रॉसओवर करतब सबसे रोमांचकारी रहा। पायलटों के बीच सटीक तालमेल, एकाग्रता और उड़ान पर नियंत्रण देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। हर नई फॉर्मेशन के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया।

कॉकपिट से गूंजा छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष सम्मान भी प्रदर्शित किया। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया। आसमान से गूंजे इस संदेश पर दर्शकों ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की। प्रदर्शन के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की धुन के साथ हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन बनाई।

अनुशासन और टीम भावना का उदाहरण है सारंग : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आपसी विश्वास, टीम भावना और उत्कृष्टता का अनुपम उदाहरण है। हेलीकॉप्टरों के करतब भले ही देखने में सहज और सुंदर लगते हों, लेकिन इनके पीछे लंबे समय का अभ्यास, विस्तृत योजना, गहरी एकाग्रता और असाधारण समन्वय होता है। उन्होंने कहा कि पायलटों का एक-दूसरे पर अटूट विश्वास और सटीक तालमेल ही ऐसे चुनौतीपूर्ण प्रदर्शन को संभव बनाता है। यह प्रदर्शन विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। इससे संदेश मिलता है कि अनुशासन, समर्पण और सामूहिक प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की कामना की।

दुनिया के कई देशों में प्रदर्शन कर चुकी है सारंग टीम

भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। यह जर्मनी, ब्रिटेन, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने हवाई करतबों का प्रदर्शन कर चुकी है।

2 नवंबर को होगा मुख्य प्रदर्शन

शनिवार को आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा। इसमें भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के जवान अपने साहस और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button