अवैध कबाड़ कारोबार पर उत्तर जोन पुलिस की दबिश, 8 टन स्क्रैप जब्त

रायपुर। शहर में अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर जोन पुलिस ने उरला और खमतराई क्षेत्र में अभियान चलाकर कबाड़ियों के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की। पुलिस ने कुल 20 कबाड़ियों के यहां जांच की, जिसमें 10 ठिकानों से करीब 8 टन स्क्रैप जब्त किया गया। जब्त माल के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत कार्रवाई की है।
डीसीपी उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन तथा एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना उरला और खमतराई पुलिस ने यह अभियान चलाया। इस दौरान दोनों थाना क्षेत्रों में कबाड़ कारोबार से जुड़े ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान उरला क्षेत्र के 8 और खमतराई क्षेत्र के 12 कबाड़ियों के ठिकानों की जांच की गई। इनमें उरला के 6 और खमतराई के 4 कबाड़ियों के यहां से लगभग 8 टन स्क्रैप बरामद हुआ। पुलिस अब कबाड़ संचालकों से स्क्रैप की खरीदी-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज, रजिस्टर और लाइसेंस की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बिना वैध दस्तावेज के कबाड़ रखने और चोरी का माल खरीदने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उत्तर जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार व संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




