खेल

MS Dhoni CSK Coach : एमएस धोनी बनेंगे चेन्नई सुपर किंग्स के अगले कोच, CSK के पूर्व खिलाड़ी के बयान से तेज हुई चर्चा

इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में खराब प्रदर्शन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स में बड़े बदलावों की अटकलें तेज हो गई हैं। इसी बीच टीम इंडिया के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के एक बयान ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। अश्विन के बयान के बाद फैन्स अब महेंद्र सिंह धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुख्य कोच मानने लगे हैं।

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत रहा। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम 14 मैचों में सिर्फ 6 जीत दर्ज कर सकी और प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। लगातार हार के बाद सबसे ज्यादा सवाल मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग पर उठने लगे हैं। हाल ही में फ्लेमिंग ने भी अपने भविष्य को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि क्रिकेट में कोच का भविष्य हमेशा टीम के प्रदर्शन पर निर्भर करता है और आगे क्या होगा इसका फैसला प्रबंधन करेगा।

इसी बीच सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक प्रशंसक ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अगर चेन्नई सुपर किंग्स नया कोच तलाश रही है तो अश्विन को यह जिम्मेदारी नहीं देनी चाहिए, क्योंकि वह मैच से पहले ही अपने यूट्यूब चैनल पर प्लेइंग इलेवन बता देंगे।

इस पर रविचंद्रन अश्विन ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ प्लेइंग इलेवन ही नहीं, बल्कि विपक्षी टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी की पूरी रणनीति भी बता देंगे। अश्विन ने आगे कहा कि ऐसा करने पर भ्रष्टाचार निरोधक इकाई उन्हें पकड़ लेगी और इससे उनकी खुद की असफलता भी तय हो जाएगी।

हालांकि इसके बाद अश्विन ने जो लिखा, उसने इंटरनेट पर चर्चा को और हवा दे दी। उन्होंने कहा, “जब एमएसडी हैं, तो फिर किसी और को ढूंढने की जरूरत क्या है?” इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि क्या भविष्य में महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच बन सकते हैं।

महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन में चोट के कारण एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए। पहले वह पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव से जूझ रहे थे और बाद में अंगूठे की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए। हालांकि मैदान से दूर रहने के बावजूद वह टीम रणनीति और खिलाड़ियों के साथ लगातार जुड़े रहे।

क्रिकेट जगत में धोनी को सबसे बड़े रणनीतिकारों में गिना जाता है। मैच की परिस्थितियों को समझने, दबाव में शांत रहने और बड़े फैसले लेने की उनकी क्षमता उन्हें भविष्य का मजबूत कोच विकल्प बनाती है। यही वजह है कि अश्विन के एक बयान के बाद अब फैन्स के बीच नई बहस शुरू हो गई है।

Related Articles

Back to top button