जॉब्स

PM Modi Rozgar Mela : पीएम मोदी ने 51 हजार युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, कहा- देश की विकास यात्रा के अहम भागीदार बनें युवा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन देशभर के हजारों युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत कई क्षेत्रों में युवाओं को नई जिम्मेदारियां मिलने जा रही हैं और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह दो दिन पहले ही पांच देशों की यात्रा से लौटे हैं। भले ही यह पांच देशों का दौरा था, लेकिन इस दौरान दुनिया की कई बड़ी कंपनियों के प्रमुखों से विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि हर जगह एक बात समान रूप से महसूस हुई कि दुनिया भारत के युवाओं और देश की तकनीकी प्रगति को लेकर बेहद उत्साहित है। आज कई देश भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत अलग-अलग देशों के साथ साझेदारी बढ़ा रहा है ताकि देश के युवाओं को ज्यादा अवसर और रोजगार मिल सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि भारतीय युवाओं को वैश्विक अनुभव भी मिले, जिससे उनकी क्षमता और अधिक मजबूत हो सके।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, हरित हाइड्रोजन और टिकाऊ विनिर्माण जैसे क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इन क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय साझेदारी नई अर्थव्यवस्था और रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है। स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ हरित तकनीक और टिकाऊ विकास को लेकर सहयोग बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात और नॉर्वे के साथ बढ़ती साझेदारी से भारत का जहाज निर्माण तंत्र भी मजबूत होगा। इससे देश के इंजीनियरों, तकनीशियनों और कुशल कामगारों की मांग तेजी से बढ़ने वाली है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नई जिम्मेदारियों को ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button