छत्तीसगढ़

23 जिलों में सामान्य से आधी भी नहीं हुई बारिश, बढ़ाई किसानों की चिंता, दंतेवाड़ा से मानसून की एंट्री

खुर्रा बोनी करने वाले किसान चिंतित, भीषण गर्मी से बीज खराब होने की आशंका

ठ्ठ खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटे किसान,बारिश नहीं होने से बोआई काम में देरी

रायपुर/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ में मानसून की सुस्त रफ्तार ने किसानों और सरकार दोनों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के 33 जिलों में से 23 जिलों में सामान्य से 50 प्रतिशत से भी कम बारिश दर्ज की गई है। खेतों में बुआई प्रभावित होने लगी है। कुछ किसान खुर्रा बोनी कर चुके हैं, लेकिन बारिश नहीं होने से बीच खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं अल-नीनो के संभावित असर को देखते हुए राज्य सरकार जल्द ही उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर खरीफ सीजन की रणनीति तय करेगी।


कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा है कि मानसून (monsoon enters via Dantewada) की स्थिति और खरीफ फसलों की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अल-नीनो के संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जल्द समीक्षा बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें किसानों को राहत देने और फसल प्रबंधन की रणनीति पर चर्चा होगी। खरीफ सीजन की तैयारियों में किसान जुटे हैं, लेकिन अच्छी बारिश नहीं होने से चिंतित हैं।

केंद्र की समीक्षा बैठक पर भी नजर

अल-नीनो और कमजोर मानसून की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार भी राज्यों के साथ लगातार समीक्षा कर रही है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 23 जून को खरीफ सीजन की तैयारियों और वर्षा की स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे। इस वर्चुअल बैठक में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, कृषि उत्पादन आयुक्त और कृषि विज्ञान केंद्रों के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में वर्षा की स्थिति, बुआई की प्रगति और किसानों को वैज्ञानिक सलाह उपलब्ध कराने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

खरीफ फसलों और जल संकट पर असर की आशंका

कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि इस वर्ष अल-नीनो का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रह सकता है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ जैसे कृषि प्रधान राज्य में इसका असर धान उत्पादन, जल उपलब्धता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। प्रदेश में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 12 से 15 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार मानसून की प्रगति धीमी रही। बस्तर क्षेत्र से मानसून के आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां देर से बनने के कारण अधिकांश जिलों में बारिश प्रभावित हुई है।

सरकार की नजर मौसम पर

राज्य सरकार का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति में सुधार नहीं होता है, तो प्रभावित जिलों के लिए विशेष कृषि और जल प्रबंधन योजनाएं लागू की जा सकती हैं। फिलहाल किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं और सभी को मानसून के सक्रिय होने का इंतजार है।

सामान्य से काफी कम हुई बारिश

राजस्व विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस अवधि तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 69 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 29.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। रायपुर, बिलासपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सुकमा, बीजापुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी समेत 23 जिलों में वर्षा का आंकड़ा सामान्य के आधे से भी कम है। बारिश की कमी का सीधा असर धान की बुआई और अन्य खरीफ फसलों की तैयारियों पर पडऩे लगा है। किसानों को समय पर पर्याप्त बारिश नहीं मिलने से खेतों में नमी की कमी महसूस की जा रही है।

सीमित सिंचाई सुविधाएं बढ़ा रहीं चिंता

विशेषज्ञों का कहना है कि अल-नीनो वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ में अक्सर सामान्य से कम वर्षा दर्ज की जाती है। राज्य में सिंचाई सुविधाओं का सीमित दायरा भी किसानों की परेशानी बढ़ा सकता है। केंद्र सरकार ने देश के लगभग 200 संवेदनशील जिलों की सूची तैयार की है, जिसमें छत्तीसगढ़ के कई जिले शामिल हैं। ऐसे में जल संरक्षण, खेतों में नमी बनाए रखने, अंतर फसल पद्धति अपनाने, वैकल्पिक फसल चक्र तथा दलहन-तिलहन की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। कृषि विभाग का मानना है कि समय रहते आकस्मिक योजना लागू करने से कम वर्षा की स्थिति में भी किसानों के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा से मानसून की एंट्री

छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा (monsoon enters via Dantewada) के रास्ते मानसून की एंट्री हो गई है। कुछ दिनों में यह कुछ और जिलों को भी कवर कर लेगा। मानसून की एंट्री के बाद बस्तर संभाग में बारिश तेज होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में यह मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों को भी कवर कर लेगा इसके साथ ही प्रदेश में 5 दिन अंधड़-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इधर सोमवार दोपहर को अचानक मौसम बदला और रायपुर, रायगढ़ सहित कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई।

भारी बारिश के चलते रायपुर के सुंदरनगर इलाके में महादेवघाट रोड पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आनेजाने में काफी दिक्कतें हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मानसून के राज्य के कुछ और हिस्सों (जिसमें रायगढ़ और आस-पास के क्षेत्र शामिल हैं) में आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button