छत्तीसगढ़शिक्षा

Kunkuri Medical College : जशपुर में डॉक्टर बनने का सपना होगा पूरा… इसी सत्र से शुरू होगी MBBS की पढ़ाई

रायपुर। जशपुर और सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कुनकुरी शासकीय मेडिकल कॉलेज (Kunkuri Medical College) में इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से 50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी मिलने के बाद कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

50 MBBS सीटों पर होगा प्रवेश

सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गा की अध्यक्षता में आयोजित मेडिकल कॉलेज की पहली स्वशासी समिति की बैठक में कुनकुरी मेडिकल कॉलेज (Kunkuri Medical College) की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि एनएमसी से 50 एमबीबीएस सीटों के संचालन की अनुमति मिल चुकी है। काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद 50 विद्यार्थियों का प्रवेश लेकर नियमित कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।

स्थायी भवन बनने तक यहां चलेगी पढ़ाई

बैठक में बताया गया कि स्थायी परिसर तैयार होने तक कुनकुरी मेडिकल कॉलेज (Kunkuri Medical College) का संचालन झरगांव स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज, छात्रावास परिसर, जिला अस्पताल, मातृ एवं शिशु अस्पताल और क्रिटिकल केयर यूनिट से किया जाएगा। वहीं स्थायी मेडिकल कॉलेज परिसर के लिए चराईडांड, मयाली और खंडसा ग्राम पंचायतों में भूमि चिन्हित कर आवंटित की जा चुकी है।

एनएमसी के मानकों के अनुसार पूरी हों तैयारियां

आयुक्त नरेंद्र दुग्गा ने निर्देश दिए कि अधोसंरचना और मानव संसाधन से जुड़ी सभी तैयारियां राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूरी की जाएं। कलेक्टर रोहित व्यास ने भी संबंधित विभागों को निर्माण कार्य, शैक्षणिक सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

प्रोफेसर से लेकर स्टाफ की भर्ती होगी तेज

बैठक में शिक्षकों, रेजिडेंट डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, लिपिकीय कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों और सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज (Kunkuri Medical College) के लिए शिक्षकीय पदों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। शुरुआती चरण में जरूरत के अनुसार प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से भी मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा।

हॉस्टल, लैब और उपकरणों की भी हुई समीक्षा

बैठक में हॉस्टल, रेजिडेंट डॉक्टरों के आवास, बेड, फर्नीचर, प्रयोगशाला सामग्री, लाइब्रेरी, डिसेक्शन हॉल, शैक्षणिक उपकरण और अन्य संसाधनों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी आवश्यक सामग्री की खरीदी प्रक्रिया जल्द पूरी करने और समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि एमबीबीएस की पढ़ाई (Kunkuri Medical College) इसी शैक्षणिक सत्र से बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।

स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा लाभ

आयुक्त नरेंद्र दुग्गा ने कहा कि कुनकुरी मेडिकल कॉलेज (Kunkuri Medical College) शुरू होने से न केवल जशपुर बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं भी पहले से अधिक मजबूत होंगी।

Related Articles

Back to top button