छत्तीसगढ़

Illegal Sawmill: रघुनाथपुर में अवैध लकड़ी मिल पर वन विभाग का छापा, 5 लाख से अधिक का चिरान बरामद

पत्रकार सुरेश गुप्ता और आकाश गुप्ता के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी, मौके से पिकअप वाहन भी जब्त

नीीलांचल गौर

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में अवैध लकड़ी (Illegal Sawmill) कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लुण्ड्रा वन परिक्षेत्र के रघुनाथपुर में संचालित एक लकड़ी मिल पर छापा मारा। विभागीय टीम ने मिल परिसर से सागौन, साल, खमार समेत विभिन्न प्रजातियों की कीमती लकड़ियों का भारी मात्रा में चिरान बरामद किया है। बरामद लकड़ी की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मौके से एक पिकअप वाहन भी मिला है। प्रारंभिक जांच में मिल के वैध लाइसेंस को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। मामले में दो लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर में अवैध रूप से लकड़ी मिल (Illegal Sawmill) संचालित किए जाने की सूचना वन विभाग को मुखबिर से मिली थी। सूचना के आधार पर प्रशिक्षु आईएफएस एवं अम्बिकापुर एसडीओ कुनाल मिश्रा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मिल परिसर में दबिश दी। जांच के दौरान परिसर में बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रजातियों की लकड़ियों का चिरान पाया गया। इसमें सागौन और साल जैसी कीमती लकड़ियों के अलावा खमार सहित अन्य प्रजातियों की लकड़ियां भी शामिल हैं।

पत्रकार सुरेश गुप्ता और आकाश गुप्ता से बताया जा रहा मिल का संबंध

मिली जानकारी के मुताबिक, उक्त लकड़ी मिल (Illegal Sawmill) का संबंध रघुनाथपुर निवासी पत्रकार सुरेश गुप्ता और आकाश गुप्ता से बताया जा रहा है। वन विभाग दोनों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की तैयारी में है। हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि और दोनों की भूमिका का निर्धारण जांच के निष्कर्षों एवं विभागीय कार्रवाई के आधार पर होगा।

वर्ष 2024 के बाद लाइसेंस नहीं होने की बात आई सामने

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित लकड़ी मिल(Illegal Sawmill) के पास वर्ष 2024 के बाद का वैध लाइसेंस नहीं था। छापेमारी के दौरान लाइसेंस नवीनीकरण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। वन विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि बिना वैध लाइसेंस के मिल का संचालन किस आधार पर किया जा रहा था और परिसर में इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ियों का भंडारण एवं चिरान कैसे किया जा रहा था।

फिलहाल विभागीय टीम बरामद लकड़ियों के स्रोत, उनके परिवहन और मिल के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button