Gold and Silver Price: दीपावली के 11 कारोबारी दिवस में सोने-चांदी में अब तक की सबसे बड़ी मंदी

सोना 19 हजार और चांदी 35 हजार रुपये से ज्यादा हुआ सस्ता
शैलेश पाठक
इंदौर/नवप्र्रदेश। दीपावली की खरीदी और निवेश कर सुस्ता रहे ग्राहकों और बाजार दोनों को सोने-चांदी (Gold and Silver Price) की मंदी ने हैरान कर दिया है। दीपावली से देव प्रबोधनी एकादशी के बीच अब तक की सबसे तेज गिरावट दोनों कीमती धातुओं में देखी गई है। दीपावली से अब तक कारोबारी दिवस में सोना 19 हजार रुपये से ज्यादा और चांदी 35 हजार से ज्यादा सस्ती हो चुकी है। शनिवार को भी इंदौर के सराफा बाजार में सोने के भाव में 1400 रुपये प्रति दस ग्राम की गिरावट आई। इसके साथ ही चांदी भी 4500 रुपये प्रति किलो टूट गई। कम समय में सबसे तेज गिरावट का आलम ये है कि कीमतें साल 2026 के उच्चतम स्तर से करीब 60 प्रतिशत से ज्यादा नीचे आ गई है।
धनतेरस के बाद से इंदौर मार्केट में सोना और चांदी (Gold and Silver Price) की कीमतों में एकतरफा मंदी की स्थिति बनी हुई है। करीब पीछे 15 दिनों में इंदौर मार्केट में सोना केडबरी 19100 रुपये घटकर 126100 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 35700 रुपये गिरकर 152500 रुपये प्रति किलो रह गई। 6 नवंबर (धनतेरस) को इंदौर में सोना 145200 रुपये और चांदी 188200 रुपये थी। हालिया गिरावट के प्रमुख कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व (फेड) के सख्त रुख, मजबूत अमेरिकी डालर और बढ़ती बांड यील्ड्स हैं, जिन्होंने ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की उम्मीदों को हवा दी है। इस वजह से अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर कमजोर निवेशकों की बिकवाली बाजार में बढ़ गई, जिससे मंदी को सपोर्ट मिला है। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार को देर रात कामेक्स पर सोना और चांदी के दाम और घटकर बंद हुए। कामेक्स पर सोना वायदा 49 डालर टूटकर 3537 डालर प्रति औंस और चांदी वायदा 143 सेंट घटकर 4124 डालर प्रति औंस पर बंद हुई, जिससे शनिवार को सोना केडबरी 1400 रुपये और टूटकर 126100 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 4500 रुपये घटकर 152500 रुपये प्रति किलो रह गई।
गिरावट के प्रमुख कारण
- फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाने की उम्मीद
- ऊंची ब्याज दरें सोना-चांदी जैसी बिना ब्याज वाली संपत्तियों का आकर्षण कम करती हैं।
-अमेरिकी बांड यील्ड्स में तेजी दस वर्षीय अमेरिकी ट्रेजरी बांड यील्ड 5.15 प्रतिशत के आसपास पहुंच गई है। - बांड्स पर बेहतर रिटर्न मिलने से निवेशक सोने-चांदी से दूर हटे
- चांदी की कमजोर औद्योगिक मांग व चीन से मांग में नरमी की चिंताओं के कारण चांदी में सोने की तुलना में ज्यादा तेज गिरावट आई
-जनवरी 2026 के रिकार्ड स्तरों के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की - शेयर बाजार (विशेषकर टेक शेयरों) में गिरावट के कारण मार्जिन या नुकसान की भरपाई के लिए भी निवेशकों ने सोना-चांदी बेचा
ग्रह योग भी कर रहे गिरावट का सपोर्ट
गिरावट के तमाम आर्थिक कारणों (Gold and Silver Price) के साथ ही ग्रह योग भी मार्केट में उथल-पुथल का सपोर्ट कर रहे हैं। फाइनेंशियल एस्ट्रोलाजर और एनालिस्ट श्वेता जैन के अनुसार 11 नवंबर के बाद मंगल और गुरु केतु के साथ आए हैं। मंगल, गुरु, सिंह राशि में होते हैं तो वो सोने में तेजी का कारक बनते हैं। लेकिन केतु आने से असर विपरीत हो गया। 5 दिसंबर से सिंह राशि को छोड़ कर्क राशि में गुरु जाएंगे। ऐसे में मार्केट में हलचल होगी। इसके बाद 11 दिसंबर से शनि मार्गीय होंगे। 13 दिसंबर से बृहस्पति और सिंह वक्रीय हो जाएंगे और फिर जनवरी में मंगल वक्रीय होंगे। ये स्थितियां बता रही है कि आने वाले महीनों यानि नए साल की पहली तिमाही भी धातुओं के बाजार के लिए उथल-पुथल भरी रहेगी। बाजार का अनुमान लगाना किसी भी निवेशक के लिए संभव नहीं होगा। अचानक सुधार से जब तेजी की उम्मीद बंधेगी बाजार अप्रत्याशित गिरावट से चौंका देगा।
इंदौर के बंद भाव- सोना केडबरी रवा नकद में 126100, सोना आरटीजीएस में 122400, (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 112200 (जीएसटी अतिरिक्त) रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। शुक्रवार को सोना 127500 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 152500, चांदी आरटीजीएस 147600, चांदी टंच 152500 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2100 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। शुक्रवार को चांदी चौरसा 157000 रुपये पर बंद हुई थी।
उज्जैन। सोना केडबरी 126500, सोना रवा 125500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी पाट 153500, चांदी टंच 152500 रुपये प्रति किलो, चांदी सिक्का 2200 रुपये प्रति नग के भाव बोले गए।



