छत्तीसगढ़शिक्षा

CGBSE Revaluation : पुनर्मूल्यांकन के बाद बदली मेरिट सूची, 10वीं और 12वीं में 13-13 नए विद्यार्थियों को मिली जगह

छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में पुनर्मूल्यांकन का इंतजार कर रहे हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर सामने (CGBSE Revaluation) आई है। उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच के बाद कई विद्यार्थियों के अंक बढ़े हैं, जिसका सीधा असर मेरिट सूची पर भी देखने को मिला है। संशोधित परिणाम जारी होने के बाद अब दोनों कक्षाओं की मेरिट सूची में नए नाम शामिल हो गए हैं।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के परिणाम जारी करते हुए कहा है कि इस प्रक्रिया के जरिए पात्र विद्यार्थियों को न्याय दिलाने का प्रयास किया गया है।

मेरिट सूची में जुड़े 13-13 नए विद्यार्थी CGBSE Revaluation

पुनर्मूल्यांकन के बाद हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी दोनों की मेरिट सूची में 13-13 नए विद्यार्थियों को स्थान मिला है। अब हाईस्कूल की मेरिट सूची में विद्यार्थियों की संख्या 42 से बढ़कर 55 हो गई है, जबकि हायर सेकेंडरी की मेरिट सूची 43 से बढ़कर 56 विद्यार्थियों तक पहुंच गई है।

हजारों विद्यार्थियों के बढ़े अंक

मंडल की सचिव पुष्पा साहू के अनुसार हाईस्कूल में पुनर्गणना के लिए 661 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 126 विद्यार्थियों के अंक बढ़े। वहीं 6167 विद्यार्थियों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 3657 विद्यार्थियों के अंक (CGBSE Revaluation) बढ़ाए गए। हायर सेकेंडरी में पुनर्गणना के लिए 1208 आवेदन मिले, जिनमें 140 विद्यार्थियों के अंक बढ़े। वहीं पुनर्मूल्यांकन के 11038 आवेदनों में से 6758 विद्यार्थियों के अंकों में वृद्धि हुई।

नियम में बदलाव से मिला फायदा

मंडल ने बताया कि संशोधित नियमों का लाभ भी विद्यार्थियों को मिला है। पहले अंक बढ़ोतरी के लिए 10 प्रतिशत का मानक लागू था, जबकि अब इसे घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी बदलाव के कारण अधिक विद्यार्थियों को मेरिट सूची में स्थान मिल सका।

गलत मूल्यांकन पर होगी कार्रवाई

माशिमं की सचिव पुष्पा साहू ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने परिणाम से असंतुष्ट होकर आवेदन किया था, उनकी उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच कर परिणाम जारी (CGBSE Revaluation) किए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में मूल्यांकन संबंधी लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button