छत्तीसगढ़

ओडिशा से दुर्ग जा रहा था गांजा 11 लाख का गांजा, तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में माना कैंप थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 22 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार जब्त की है। जब्त गांजे की कीमत करीब 10.98 लाख रुपए और कार समेत कुल जब्त माल की कीमत 13.48 लाख रुपए बताई गई है।

 पुलिस के अनुसार 20 सितंबर की रात करीब 11.45 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार में ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर माना कैंप पुलिस ने मछली मार्केट के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक अल्टो कार क्रमांक सीजी 04 एनएन 6018 के चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने रुकने के बजाय कार तेज गति से भगाने का प्रयास किया। इस दौरान कार अन्य वाहन और हाट बाजार के पास डिवाइडर से टकराकर रुक गई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में चालक की पहचान राजेन्द्र यादव (निवासी डिपरापारा, सोनासिल्ली, पिथौरा, महासमुंद) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूछताछ में पहले गोलमोल जवाब देता रहा। कार की डिक्की की तलाशी लेने पर गांजे की गंध आई। गवाहों की मौजूदगी में डिक्की की तलाशी ली गई तो उसमें दो सफेद-पीले रंग के बैग मिले। दोनों बैगों के अंदर खाकी रंग के टेप से पैक किए गए 11 पैकेट मिले।

जांच में पैकेटों में कुल 21.964 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा से गांजा लाकर दुर्ग में बिक्री के लिए ले जाने की बात पुलिस को बताई। पुलिस ने गांजा और परिवहन में इस्तेमाल अल्टो कार को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज किया। आरोपी को 20 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button