Heat Wave : आसमान से बरसती आग ने बढ़ाई चिंता, पेड़ों से गिर रहे चमगादड़, गांव में मचा डर का माहौल

कांकेर जिले के सरोना गांव में इन दिनों अजीब सा माहौल बना (Heat Wave) हुआ है। गांव के लोग लगातार पेड़ों के नीचे बड़ी संख्या में मृत चमगादड़ों को देखकर परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच अचानक चमगादड़ों के गिरने की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोग इसे मौसम के खतरनाक बदलाव से जोड़कर देख रहे हैं।
दोपहर होते ही इलाके में तेज गर्म हवाएं चलने लगती हैं और तापमान इतना बढ़ जाता है कि इंसानों के साथ अब वन्यजीवों पर भी इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से रोजाना पेड़ों से चमगादड़ नीचे गिर रहे हैं और थोड़ी देर में उनकी मौत हो जा रही है।
सरोना गांव में 500 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत : Heat Wave
जानकारी के मुताबिक पिछले दो से चार दिनों के भीतर करीब 500 से अधिक चमगादड़ों की मौत हो चुकी है। गांव के आसपास लगे बड़े पेड़ों के नीचे लगातार मृत चमगादड़ मिल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई चमगादड़ उड़ते उड़ते अचानक नीचे गिर जाते हैं। वहीं विशेषज्ञ इस पूरी घटना को भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक का असर मान रहे हैं।
नौतपा और हीटवेव ने बढ़ाई परेशानी
प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान ने हालात और ज्यादा मुश्किल कर दिए हैं। मौसम विभाग की ओर से हीटवेव का अलर्ट जारी होने के बाद चिंता और बढ़ गई है। कांकेर समेत कई इलाकों में दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं चल रही हैं। इसी वजह से वन्यजीवों के साथ साथ आम लोगों पर भी गर्मी का असर तेजी से दिखाई दे रहा है।
अस्पतालों में बढ़ रहे लू के मरीज
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी साफ नजर आने लगा है। जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डिहाइड्रेशन, चक्कर, उल्टी और लू से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर कम निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
कोरबा में भी सामने आया था ऐसा मामला
इससे पहले कोरबा जिले के पाली विकासखंड के नौकोनिया तालाब इलाके में भी बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत का मामला सामने (Heat Wave) आया था। वहां पेड़ों पर रहने वाले चमगादड़ अचानक जमीन पर गिरने लगे थे। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मौत होने से इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बन गया था।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में हालात और गंभीर हो सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी अब पर्यावरण और वन्यजीवों के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही है।



