
CGPSC Mains Admit Card 2026 : छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार CGPSC Mains Exam 2026 का आयोजन 6 जून से 9 जून 2026 तक किया जाएगा। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
मुख्य परीक्षा प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर में आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोग ने अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
दो पालियों में होगी परीक्षा
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। केवल अंतिम दिन 9 जून को एक ही पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवार अब अंतिम चयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएंगे।
6 जून से शुरू होगा मुख्य परीक्षा का सफर
मुख्य परीक्षा के पहले दिन 6 जून को पहली पाली में भाषा विषय का प्रश्नपत्र होगा, जबकि दूसरी पाली में निबंध विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 7 जून को सामान्य अध्ययन-1 और सामान्य अध्ययन-2 के प्रश्नपत्र होंगे। 8 जून को सामान्य अध्ययन-3 और सामान्य अध्ययन-4 की परीक्षा ली जाएगी। वहीं 9 जून को केवल पहली पाली में सामान्य अध्ययन-5 का पेपर आयोजित किया जाएगा।
22 फरवरी को हुई थी प्रारंभिक परीक्षा
गौरतलब है कि CGPSC Exam 2026 के तहत प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी 2026 को प्रदेशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में किया गया था। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब मुख्य परीक्षा में अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा। मुख्य परीक्षा के अंक ही अंतिम मेरिट तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए प्रतियोगियों के लिए यह चरण बेहद अहम माना जाता है।
238 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राज्य शासन के 17 विभागों में कुल 238 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा, वित्तीय सेवाओं और अन्य विभागों के महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
भर्ती में सबसे अधिक 51 पद नायब तहसीलदार के हैं। इसके अलावा मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) के 29 पद, राज्य पुलिस सेवा के 28 पद और डिप्टी कलेक्टर के 14 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती अभियान एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें तथा एडमिट कार्ड और निर्धारित पहचान पत्र अपने साथ अनिवार्य रूप से लेकर जाएं।
CGPSC Mains Exam 2026 पूरा परीक्षा कार्यक्रम-तिथि विषय
06 जून 2026 भाषा एवं निबंध
07 जून 2026 सामान्य अध्ययन-I एवं II
08 जून 2026 सामान्य अध्ययन-III एवं IV
09 जून 2026 सामान्य अध्ययन-V



