मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को राजधानी के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के जीवन और उनके सार्वजनिक सफर पर आधारित ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया गया। इसमें संघर्ष से सेवा और सेवा से राष्ट्र निर्माण तक की उनकी यात्रा को प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष से अधिक का उनका सफर सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की गाथा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। शासन की योजनाओं में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों को केंद्र में रखा गया है।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इसी भावना के साथ छत्तीसगढ़ को भी विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। 13 अलग-अलग बिंदुओं पर आधारित इस अभियान के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जनभागीदारी से जोड़ा जा रहा है।
युवाओं के लिए प्रेरणा है प्रधानमंत्री का जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समझने का अवसर मिला। सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर अपने परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश का नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि मजबूत संकल्प और जनसेवा के उद्देश्य के साथ बड़ी से बड़ी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। प्रधानमंत्री का जीवन नई पीढ़ी को यही संदेश देता है।
बस्तर में शांति और विकास का नया दौर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस तथा स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को सफलता मिली है। लंबे समय तक हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर में अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में विकास पहुंचना कठिन था, वहां सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं। सरकार का लक्ष्य बस्तर के प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार तथा उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है।
किसानों और महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर
साय ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। वहीं महिला सशक्तीकरण को विकास का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे महिलाओं की आर्थिक क्षमता बढ़ने के साथ परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी मजबूत हुई है।
51 हजार करोड़ के रेल कार्य, 32 स्टेशन होंगे विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब 51 हजार करोड़ रुपए के कार्य चल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। नई रेल परियोजनाओं और स्टेशन आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
निवेश के लिए छत्तीसगढ़ में बन रहा अनुकूल माहौल
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के प्रति वैश्विक स्तर पर बढ़े विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। नई औद्योगिक विकास नीति, पारदर्शी प्रशासन और निवेश-अनुकूल वातावरण के जरिए राज्य को प्रमुख निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ को लेकर निवेशकों में उत्साह देखने को मिला। 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में राज्य में निवेश को लेकर रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि निवेश का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती और छत्तीसगढ़ को तकनीक एवं नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित करना है।
विकसित भारत में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 का निर्माण प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा लक्ष्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई दी।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



