छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त आज होगी जारी, 67.38 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचेगी 632.40 करोड़ रुपए की राशि, मुख्यमंत्री साय दुर्ग से करेंगे भुगतान

नवभारत रिपोर्टर। रायपुर। प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त की राशि 8 अक्टूबर को जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों के खातों में राशि का अंतरण करेंगे। इस किस्त के तहत ई-केवायसी पूरा कर चुके 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को कुल 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

महतारी वंदन योजना प्रदेश में 1 मार्च 2024 से लागू की गई थी। योजना का लाभ लेने के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें पात्र पाई गई 70 लाख 9 हजार 578 महिलाओं को 10 मार्च 2024 को पहली बार सहायता राशि का भुगतान किया गया था। योजना के तहत हर पात्र महिला को प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से दी जाती है।

31 किस्तों में 20 हजार करोड़ से अधिक का भुगतान

योजना शुरू होने से अब तक 31 किस्तों में प्रदेश की महिलाओं को 20,075.71 करोड़ रुपए की सहायता राशि का भुगतान किया जा चुका है। 32वीं किस्त के 632.40 करोड़ रुपए के भुगतान के बाद योजना के तहत अब तक वितरित राशि बढ़कर 20,708.11 करोड़ रुपए हो जाएगी।

68.52 लाख हितग्राही पात्र

अक्टूबर 2026 की 32वीं किस्त के लिए अद्यतन स्थिति में कुल 68 लाख 52 हजार 661 हितग्राही पात्र हैं। इनमें से 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राहियों की किस्त के भुगतान का अनुमोदन किया गया है। इसके अलावा नियद नेल्लानार क्षेत्र के 6 हजार 903 हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान का भी अनुमोदन किया गया है। इस तरह कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से राशि जारी की जाएगी।

सरकार के अनुसार महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में काम किया जा रहा है। योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग महिलाएं परिवार की जरूरतों के साथ पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में भी कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button