Raipur Matrimonial Cyber Crime : मैट्रिमोनियल साइट पर शादी का झांसा, खाने में नशीली दवा मिलाकर लूटे आभूषण, 2 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट ‘जीवनसाथी.काम’ के जरिए महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र की एक महिला को शादी का झांसा देकर उसके घर पहुंचे मुख्य आरोपित ने जन्मदिन की पार्टी के बहाने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। महिला के बेहोश होते ही आरोपित घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गया। खम्हारडीह पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने दिल्ली व उत्तराखंड में दबिश देकर गिरोह के दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान अभिनव सिंह उर्फ पहलवान (उम्र 37 वर्ष, निवासी होशियारपुर, पंजाब; हाल पता छतरपुर, दिल्ली) और हितिन नरूला (उम्र 48 वर्ष, निवासी लक्ष्मी नगर, दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 57 हजार रुपये नकद, दो तोला सोने के जेवर, चांदी का ब्रेसलेट और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4.21 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपित अभिनव सिंह ने पिछले महज एक महीने के भीतर इस मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से करीब 100 महिलाओं से ऑनलाइन संपर्क साधा था।
चार महीने की दोस्ती और 20 घंटे की बेहोशी
पुलिस के अनुसार, खम्हारडीह निवासी पीड़िता की करीब चार महीने पहले जीवनसाथी.काम पर अभिनव सिंह से जान-पहचान हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और विश्वास बढ़ने पर 15 मई को आरोपित ने अपना जन्मदिन मनाने के बहाने महिला के घर आने की इच्छा जताई। दोपहर करीब एक बजे वह महिला के घर पहुंचा, जहां दोनों ने साथ में भोजन किया। इसी दौरान आरोपित ने चिकन ठीक से नहीं पकने का बहाना बनाया और उसे दोबारा पकाने के बहाने रसोई में ले जाकर उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया। जहरीला खाना खाते ही महिला बेहोश हो गई।
शाम को जब महिला की रूम पार्टनर घर लौटी, तो उसने महिला को सोया हुआ समझा। अगले दिन सुबह लगभग 10 बजे यानी करीब 20 घंटे बाद जब महिला को होश आया, तब जाकर इस कड़क वारदात का खुलासा हुआ। महिला के गले की सोने की चेन, अंगूठियां और अलमारी के लॉकर में रखे सारे जेवर गायब थे, वहीं आरोपित का मोबाइल भी बंद आ रहा था। इसके बाद पीड़ित महिला ने खम्हारडीह थाने में मामला दर्ज कराया।
रेलवे स्टेशन पर खड़ा था साथी, दिल्ली-हरिद्वार से हुई गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम ने मैट्रिमोनियल प्रोफाइल, मोबाइल नंबरों और तकनीकी इनपुट्स का विश्लेषण किया। जांच के दौरान सह-आरोपित हितिन नरूला की लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार में मिली, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। हितिन की निशानदेही पर मुख्य आरोपित अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि घटना के दिन दोनों रायपुर साथ आए थे। अभिनव जब वारदात को अंजाम देने महिला के घर गया, तब हितिन रेलवे स्टेशन पर ही रुककर उसका इंतजार कर रहा था। चोरी करने के बाद दोनों तुरंत ट्रेन पकड़कर फरार हो गए थे।
फर्जी पहचान का जाल
प्रोफाइल : मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी नाम और प्रोफाइल बनाकर महिलाओं को फंसाना।
विश्वास : शादी और नए रिश्ते की बातें कर महिलाओं का भरोसा जीतना।
बेहोशी : मुलाकात के बहाने खाने या पीने की चीजों में नशीली दवा मिलाना।
फरार : बेहोशी की हालत में सारे कीमती जेवर लूटना और मोबाइल बंद कर भाग जाना।
फर्जी आधार-पैन से खुली पोल, पहले भी जा चुका है जेल
मुख्य आरोपित अभिनव सिंह बेहद शातिर अपराधी है, जो अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड का इस्तेमाल करता था। उसने अलग-अलग राज्यों में इस तरह की आधा दर्जन वारदातों को अंजाम देना कुबूल किया है। वह इससे पहले दिल्ली के अशोक विहार और पार्लियामेंट हाउस थाना क्षेत्रों में धोखाधड़ी व चोरी के मामलों में जेल की हवा खा चुका है, जबकि उत्तराखंड के लक्ष्मणझूला में भी वाहन चोरी के आरोप में पकड़ा गया था।



