छत्तीसगढ़स्वास्थ्य

Pulse Polio Campaign : छत्तीसगढ़ में कल 35.98 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद

छत्तीसगढ़ में रविवार को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान के तहत प्रदेश के 5 वर्ष तक की आयु के 35 लाख 98 हजार 904 बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी।

अभियान के सफल संचालन के लिए राज्यभर में 14,396 बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके साथ ही 28,791 टीमों में 57 हजार से अधिक वैक्सीनेटर तैनात किए गए हैं, जो इस महाअभियान को प्रभावी रूप से संचालित करेंगे।

बूथ दिवस के बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा पोलियो दवा से वंचित न रह जाए।

राज्य के सभी 33 जिलों में अभियान को लेकर जिला एवं विकासखंड स्तर पर टास्क फोर्स की बैठकें आयोजित की गई हैं। स्वास्थ्य कर्मियों, पर्यवेक्षकों और टीकाकरण दलों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है। साथ ही माइक्रोप्लान, वैक्सीन आपूर्ति, कोल्ड चेन व्यवस्था और लॉजिस्टिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।

अभियान के दौरान दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों, शहरी बस्तियों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों तथा प्रवासी एवं घुमंतू परिवारों तक विशेष पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी. आर. भगत ने बताया कि अभियान के दौरान बूथ और घर-घर दोनों स्तर पर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जन्म से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को बूथ तक अवश्य लेकर आएं और अभियान में स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें।

स्वास्थ्य विभाग ने भी अपील की है कि पहले टीकाकरण या पिछले अभियानों में दवा लेने के बावजूद सभी बच्चे इस अभियान में पोलियो की दो बूंद अवश्य लें, ताकि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखा जा सके।

Related Articles

Back to top button