छत्तीसगढ़

Onion Price Hike: महंगी चीनी के बाद अब रुलाने लगी प्याज, खुदरा भाव 55 से 60 रुपए किलो तक पहुंचा

Onion Price Hike: रायपुर। त्योहारी सीजन में महंगाई ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चीनी की बढ़ती कीमतों के बाद अब प्याज के दाम तेजी से बढ़ने लगे हैं। राजधानी रायपुर में सोमवार को प्याज का थोक भाव 44 से 46 रुपए प्रति किलो रहा, जबकि खुदरा बाजार में यह 55 से 60 रुपए किलो तक पहुंच गया। जून में 30 से 35 रुपए किलो बिकने वाला प्याज महज दो महीने में लगभग दोगुना महंगा हो गया है।

कारोबारियों के मुताबिक जून में प्याज 30-35 रुपए किलो था। जुलाई में इसका भाव करीब 40 रुपए और अगस्त में बढ़कर 50 से 60 रुपए किलो तक पहुंच गया। मौसम और प्याज की गुणवत्ता को देखते हुए आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

भारी बारिश से बढ़े दाम (Onion Price Hike)

आलू-प्याज आढ़तिया व्यापारी संघ के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को प्याज थोक में 44 से 46 रुपए प्रति किलो बिका। पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश और मौसम में बदलाव के कारण प्याज की कीमतों में तेजी आई है। सरकार की ओर से जारी बफर स्टॉक भी मौसम के लिहाज से ज्यादा टिकाऊ नहीं माना जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में भाव और बढ़ने की संभावना है। हालांकि आलू की कीमत फिलहाल स्थिर है और थोक में करीब 10 रुपए किलो बिक रहा है। लहसुन के दाम में भी तेजी बनी हुई है।

महंगे प्याज से खरीदारी घटी

थोक बाजार में प्याज महंगा मिलने का असर खुदरा बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। गली-मोहल्लों में ठेले पर सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं का कहना है कि महंगे भाव में प्याज खरीदने के कारण उन्हें भी खुदरा कीमत बढ़ानी पड़ रही है। दाम बढ़ने से ग्राहक पहले की तुलना में कम मात्रा में प्याज खरीद रहे हैं।

साप्ताहिक बाजारों में मांग बनी हुई है, लेकिन ऊंचे भाव के कारण कई ग्राहक जरूरत के मुताबिक ही प्याज खरीद रहे हैं। विक्रेताओं के मुताबिक प्याज की कीमत बढ़ने के साथ खराब होने और सड़ने से भी नुकसान बढ़ रहा है।

मध्यम और गरीब परिवारों का बजट बिगड़ा

प्याज के बढ़ते दाम का सबसे ज्यादा असर मध्यम और गरीब परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। रोजाना इस्तेमाल होने वाली प्याज अब लोग जरूरत के मुताबिक ही खरीद रहे हैं। ग्राहकों का कहना है कि सब्जियों, तेल और मसालों के खर्च के बीच प्याज की कीमत बढ़ने से महीने का बजट प्रभावित हो रहा है। यदि कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो त्योहार के खर्च में भी कटौती करनी पड़ सकती है।

सोमवार को बाजार में बड़ी प्याज 55 से 60 रुपए किलो तक बिकी, जबकि छोटी प्याज करीब 50 रुपए किलो में उपलब्ध रही।

चावल, दाल, तेल और आटा भी महंगे (Onion Price Hike)

रसोई का बजट केवल प्याज की बढ़ती कीमत से ही प्रभावित नहीं है। चावल, दाल, तेल, आटा, गेहूं और चीनी के दामों में भी तेजी बनी हुई है। बफर स्टॉक जारी होने के बाद चीनी की कीमत में कुछ नरमी आई है, लेकिन अब भी यह करीब 65 रुपए किलो तक बिक रही है।

चावल के दाम में 10 से 15 रुपए किलो, जबकि गुड़ की कीमत में 13 से 15 रुपए किलो तक तेजी बताई जा रही है। गेहूं महंगा होने से आटे की कीमत में 4 से 5 रुपए किलो की बढ़ोतरी हुई है। खाने के तेल के दाम भी 9 से 10 रुपए प्रति लीटर तक बढ़े हैं। ऐसे में प्याज की बढ़ती कीमत ने त्योहार से पहले आम परिवारों की रसोई का बजट और बिगाड़ दिया है।

ये खबरें पढ़ना न भूलेः

Related Articles

Back to top button