NITI Tara : एक क्लिक में मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी, इस जिले में शुरू हुई स्मार्ट डिजिटल पहल
सरकारी योजनाओं की जानकारी अब दूरस्थ गांवों और आकांक्षी क्षेत्रों तक आधुनिक तकनीक के जरिए आसानी से पहुंच सकेगी। नीति आयोग की अत्याधुनिक नीति तारा (NITI Tara) डिजिटल प्रोजेक्टर डिवाइस का गुरुवार को महासमुंद जिले में प्रदर्शन और प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में हुए कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की मौजूदगी में अधिकारियों और कर्मचारियों को डिवाइस के संचालन, उपयोग और इसके माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने की विस्तृत जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और डिजिटल तकनीक के जरिए जनभागीदारी बढ़ाना है।

कलेक्टर ने कहा कि नीति तारा (NITI Tara) का उपयोग केवल तकनीकी प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे ग्रामीण क्षेत्रों, आकांक्षी विकासखंडों और चिन्हांकित गांवों में योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। इससे आम नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पोषण और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा और आकर्षक तरीके से मिल सकेगी।
आकांक्षी क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने का बनेगा सशक्त माध्यम (NITI Tara)
कार्यक्रम में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नीति तारा (NITI Tara) के माध्यम से नीति आयोग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक योजनाओं की सही जानकारी समय पर पहुंचना बेहद जरूरी है। डिजिटल माध्यम के उपयोग से जागरूकता बढ़ेगी और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचेगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े वीडियो, प्रशिक्षण सामग्री और जनहितकारी संदेशों का उपयोग करते हुए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाए, ताकि सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लोगों तक पहुंच सके।
300 इंच स्क्रीन पर दिखेगी योजनाओं की पूरी जानकारी
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने बताया कि नीति तारा (NITI Tara) एक स्मार्ट डिजिटल प्रोजेक्शन डिवाइस है, जिसके माध्यम से नीति आयोग के पोर्टल, प्रशिक्षण सामग्री, वीडियो और जनजागरूकता संबंधी कंटेंट को मात्र एक क्लिक पर प्रदर्शित किया जा सकता है।
नीति आयोग से आए प्रशिक्षक विजय सोलंकी ने बताया कि महासमुंद जिले को फिलहाल दो डिवाइस उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें एक महासमुंद विकासखंड और दूसरी पिथौरा विकासखंड के लिए दी गई है। डिवाइस में इन-बिल्ट स्पीकर, उच्च गुणवत्ता वाला प्रोजेक्शन सिस्टम तथा लगभग 300 इंच तक डिस्प्ले की सुविधा उपलब्ध है। इससे बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ योजनाओं की जानकारी देना आसान होगा।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में करेगी काम
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि नीति तारा (NITI Tara) इंटरनेट उपलब्ध होने पर सीधे नीति आयोग के डिजिटल पोर्टल से सामग्री प्रदर्शित कर सकती है। वहीं इंटरनेट नहीं होने की स्थिति में ऑफलाइन सेव किए गए वीडियो, दस्तावेज और प्रशिक्षण सामग्री भी दिखाई जा सकती है।
यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, पंचायत भवनों, स्कूलों, सामुदायिक सभाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए उपयोगी साबित होगी। इससे मैदानी अमले को लोगों तक योजनाओं की जानकारी रोचक और प्रभावी तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि योजनाओं को मिलेगा बढ़ावा
नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत यह डिवाइस शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन तथा आधारभूत सेवाओं से जुड़ी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभाएगी।
डिजिटल प्रस्तुतीकरण के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी समझने में आसानी होगी। इससे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पारदर्शिता और जनभागीदारी भी बढ़ेगी। अधिकारियों का मानना है कि तकनीक आधारित यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच को और मजबूत बनाएगी।
प्रशिक्षण में अधिकारियों ने सीखी नई तकनीक
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों, विकासखंड स्तरीय अधिकारियों तथा संबंधित कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्हें नीति तारा (NITI Tara) के संचालन, प्रोजेक्शन सिस्टम, कंटेंट प्रबंधन और जनजागरूकता अभियानों में इसके उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस अत्याधुनिक डिजिटल उपकरण के माध्यम से योजनाओं की जानकारी अब अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आकर्षक तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचेगी, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सकेगा।



