85 वारंटियों पर कार्रवाई, 170 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रायपुर। नवरात्रि और त्योहारी सीजन में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में संदिग्धों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ साप्ताहिक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सात थाना क्षेत्रों में 85 वारंटों के संबंध में कार्रवाई की गई, वहीं 126 प्रकरणों में 170 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियान में 44 स्थाई वारंट और 41 गिरफ्तारी वारंट के निष्पादन के लिए कार्रवाई की गई। सिटी कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, तेलीबांधा और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में वारंटियों की धरपकड़ पर विशेष ध्यान दिया गया। गंभीर एवं हिंसक अपराधों में संलिप्त फरार आरोपियों और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे वारंटियों को प्राथमिकता दी गई।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 170 बीएनएसएस के तहत 58 प्रकरणों में 76 व्यक्तियों तथा धारा 126/135(3) बीएनएसएस के तहत 68 प्रकरणों में 94 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण, आबकारी एक्ट के तहत तीन प्रकरण और एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गरबा, डांडिया और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान देर रात तक लोगों की आवाजाही को देखते हुए निगरानी बढ़ाई गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और संभावित विवादों को समय रहते रोकने के लिए थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।



