यातायात पुलिस के 13 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

रायपुर। यातायात व्यवस्था संभालने के साथ अपराधियों की धरपकड़ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देने वाले यातायात पुलिस के 13 अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पिछले एक सप्ताह में चार अलग-अलग प्रकरणों में उत्कृष्ट कार्य करने पर पुलिसकर्मियों को यह सम्मान दिया गया।
पहले मामले में 13 अक्टूबर को राजेंद्र नगर अंडरब्रिज के पास वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने मदर टेरेसा मिशनरीज के मुख्य द्वार के पास एक नवजात शिशु को लावारिस छोड़कर भाग रहे व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस टीम ने तत्काल नवजात को नवकार अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी रफीक शेख के रूप में हुई। उसे आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए टिकरापारा थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
दूसरे मामले में 14 अक्टूबर को बंजारी मंदिर के पास बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल चला रहे युवक को रोककर जांच की गई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने मोबाइल और 700 रुपये छीनकर भागने की शिकायत की। तलाशी में शिकायतकर्ता का मोबाइल बरामद हुआ। आरोपी करण पाल को मोटरसाइकिल सहित खमतराई पुलिस के सुपुर्द किया गया।
तीसरे मामले में पंडरी शराब दुकान के पास संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ के दौरान चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। तकनीकी जांच में मोबाइल के चोरी होने की पुष्टि होने पर संदिग्ध को आगे की कार्रवाई के लिए देवेंद्र नगर थाना पुलिस को सौंपा गया।
चौथे मामले में उर्स मेले के दौरान एवरग्रीन चौक पर ई-रिक्शा चालक को चाकू लहराकर लोगों को डराते हुए पकड़ा गया। यातायात पुलिस ने आरोपी को ई-रिक्शा सहित गोलबाजार थाना पुलिस के हवाले किया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित पुलिसकर्मियों की सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यातायात ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और अपराध होने पर तत्काल कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है। ऐसे कार्य दूसरे पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले और पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



