छत्तीसगढ़

Murumsilli Dam : सेंचुरी पार कर चुका मुरूमसिल्ली बांध पूरी तरह सुरक्षित, मानसून से पहले तकनीकी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक जल संरचनाओं में शामिल मुरूमसिल्ली बांध (Murumusilli Dam) को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर जल संसाधन विभाग ने विराम लगा दिया है। विभाग ने कहा है कि 103 वर्ष पुराना यह बांध पूरी तरह सुरक्षित है और इसकी मजबूती को लेकर किसी तरह की चिंता की आवश्यकता नहीं है। मानसून को देखते हुए विशेषज्ञों की निगरानी में नियमित निरीक्षण और आवश्यक संरक्षण कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया की भ्रामक खबरों पर स्पष्टीकरण

जल संसाधन विभाग ने कहा है कि बारिश के मौसम में बांधों को लेकर अक्सर अफवाहें फैलती हैं। मुरूमसिल्ली बांध (Murumusilli Dam) के संबंध में भी सोशल मीडिया पर प्रसारित कई दावे तथ्यहीन हैं। विभाग ने लोगों से केवल अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

वरिष्ठ अभियंताओं ने किया तकनीकी परीक्षण

मुख्य अभियंता के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारियों की टीम ने मुरूमसिल्ली बांध (Murumusilli Dam) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान तटबंधों, स्लुइस गेट और पूरी संरचना की जांच की गई। तकनीकी परीक्षण में कहीं भी किसी प्रकार की दरार या संरचनात्मक कमजोरी नहीं पाई गई।

रेनकट रोकने के लिए युद्धस्तर पर काम

मानसून के दौरान मिट्टी के कटाव से बचाव के लिए विभाग तटबंधों की मरम्मत और सुरक्षा कार्य तेजी से पूरा कर रहा है। अधिकारियों ने वर्षा पूर्व सभी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं ताकि बांध की सुरक्षा और कार्यक्षमता पूरी तरह बरकरार रहे।

गंगरेल जलाशय के लिए रणनीतिक जल प्रबंधन

मुरूमसिल्ली बांध (Murumusilli Dam) में इस समय 130.07 एमसीएम यानी 80.29 प्रतिशत जल संग्रहण हो चुका है। वहीं गंगरेल जलाशय में 325.95 एमसीएम (42.50 प्रतिशत) पानी उपलब्ध है। भविष्य में कम बारिश की आशंका को ध्यान में रखते हुए मुरूमसिल्ली से नियंत्रित मात्रा में पानी गंगरेल जलाशय की ओर छोड़ा जा रहा है, ताकि सिंचाई और पेयजल की उपलब्धता बनी रहे।

103 वर्षों से जल सुरक्षा का मजबूत आधार

वर्ष 1923 में निर्मित मुरूमसिल्ली बांध (Murumusilli Dam) आज भी प्रदेश की जल व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बना हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में चल रहे सभी संरक्षण और मरम्मत कार्य नियमित तकनीकी रखरखाव का हिस्सा हैं और बांध पूरी तरह सुरक्षित एवं मजबूत स्थिति में है।

Related Articles

Back to top button